‘बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड’, CM योगी ने जेवर में ₹1,220 करोड़ के ट्रैक्टर प्लांट का किया भूमि पूजन; CNH को बुलडोजर बनाने का न्योता

राघवेंद्र प्रताप सिंह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को एक बड़े औद्योगिक कदम के तहत यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के सेक्टर-8डी में सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का वर्चुअल भूमि पूजन किया। इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि “बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है।” उन्होंने कंपनी से ट्रैक्टर के साथ-साथ राज्य में बुलडोजर बनाने की संभावना तलाशने का भी आग्रह किया, ताकि देश-विदेश की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।
₹1,220 करोड़ का निवेश, 1,200 को रोजगार
यह प्लांट करीब 100 एकड़ भूमि पर विकसित किया जा रहा है, जिसके लिए यीडा ने कंपनी को भूमि आवंटित की है। परियोजना में ₹1,219 करोड़ (लगभग ₹1,220 करोड़) का निवेश प्रस्तावित है और इससे करीब 1,200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इकाई प्रदेश में कृषि मशीनरी और ट्रैक्टर विनिर्माण क्षेत्र को नई मजबूती देगी। इसके साथ ही कलपुर्जा आपूर्तिकर्ताओं, लॉजिस्टिक्स और अन्य सहायक इकाइयों के विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा।
‘माफिया राज की जगह कानून का राज’
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज की जगह अब पूरी तरह कानून का राज स्थापित हो चुका है। अपराध और अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति तथा बुलडोजर की कार्रवाई ने राज्य को निवेश का प्रमुख केंद्र बना दिया है। उन्होंने जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि जिस इलाके में कभी गोलियां चलती थीं और जो अपराध दर में सबसे ज्यादा बदनाम था, वही जेवर आज “भारत के गहने” के रूप में निवेश का सर्वश्रेष्ठ गंतव्य बन चुका है।
जेवर बन रहा उत्तर भारत का औद्योगिक हब
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा के तेज विकास के चलते यह पूरा क्षेत्र उत्तर भारत के एक बड़े औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में उभर रहा है। यहां एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं आकार ले रही हैं। सीएम योगी ने कहा कि जब कंपनियां यहां ट्रैक्टर और बुलडोजर बनाएंगी, तो देश-विदेश में इनकी मांग स्वतः ही बढ़ेगी, क्योंकि यूपी का बुलडोजर अब एक पहचान और भरोसे का प्रतीक बन चुका है।
