बीसीसीआई चिकित्सा टीम से नितिन पटेल का इस्तीफा
बीसीसीआई ‘सेंटर आफ एक्सीलेंस’ (सीओई, पहले एनसीए–राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) के स्टाफ में आने वाले कुछ महीनों में कुछ बदलाव हो सकते हैं क्योंकि खेल विज्ञान और चिकित्सा टीम के प्रमुख नितिन पटेल ने हाल ही में तीन साल के सफल…

बीसीसीआई ‘सेंटर आफ एक्सीलेंस’ (सीओई, पहले एनसीए–राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) के स्टाफ में आने वाले कुछ महीनों में कुछ बदलाव हो सकते हैं क्योंकि खेल विज्ञान और चिकित्सा टीम के प्रमुख नितिन पटेल ने हाल ही में तीन साल के सफल कार्यकाल के बाद अपना इस्तीफा दे दिया है।

पटेल इस पर टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं थे, लेकिन बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एक समाचार एजेंसी को इस बात की पुष्टि की कि एनसीए के सबसे वरिष्ठ कर्मचारियों में से एक नितिन ने वास्तव में अपना पद छोड़ दिया है।
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर एक समाचार एजेंसी से कहा, ‘‘हां, नितिन ने स्पोर्ट्स साइंस और मेडिकल टीम के प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया है। नितिन का बीसीसीआई के साथ बहुत अच्छा कार्यकाल था। उन्होंने एनसीए में स्पोर्ट्स साइंस और मेडिकल टीम के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।’’
सूत्र ने कहा, ‘‘पिछले कुछ वर्षों में सबसे अच्छी बात यह रही कि जब भी कोई खिलाड़ी चोटिल होने पर उपचार के लिए यहां आता था तो पूरी तरह फिट होने पर ही उसे खेलने की मंजूरी मिलती थी। नितिन का परिवार विदेश में रहता है और सीओई के खेल विज्ञान और चिकित्सा प्रभाग की जिम्मेदारी संभालना साल में 365 दिन का काम है।’’ पटेल ने अपने कार्यकाल के दौरान तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी, बल्लेबाज केएल राहुल और स्पिनर कुलदीप यादव के रिहैबिलिटेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
सूत्र ने कहा कि लेवल तीन के कुछ कोच और ‘स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग’ से जुड़े कुछ कोच अगले कुछ महीनो में अपना पद छोड़ सकते हैं। एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण का कार्यकाल इस साल के अंत तक पूरा होने वाला है। उनसे 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप तक अपने पद पर बने रहने का अनुरोध किया जा सकता है।
पटेल से पहले एनसीए से जुड़े कोचों में से एक साईराज बहुतुले ने भी पद छोड़ दिया था और वह राजस्थान रॉयल्स के सहयोगी स्टाफ में शामिल हो गए। सितांशु कोटक सीनियर पुरुष टीम स्टाफ में स्थायी रूप से शामिल हो गए हैं।
भारतीय अंडर 19 टीम से जुड़े एनसीए के कोच हृषिकेश कानिटकर अब भी सीओई में हैं, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि जिम्बाब्वे और नामीबिया में अगले साल की शुरुआत में होने वाले अंडर-19 विश्व कप के समाप्त होने के बाद वह अपने पद पर बने रहेंगे या नहीं। कुछ विशेषज्ञ बल्लेबाजी और गेंदबाजी कोच हैं, जो आने वाले महीनों में नए करियर की तलाश में अपना पद छोड़ सकते हैं।
सम्बंधित ख़बरें
फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 100वां संस्करण 29 नवंबर को, देशभर में होंगे विशेष आयोजन
भारत में फिटनेस और खेल संस्कृति को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल पहल 29 नवंबर 2026 को अपने ऐतिहासिक 100वें संस्करण का उत्सव मनाने जा रही है।
201 रन देकर एक विकेट लेने वाले डफी के बचाव में उतरे मैट हेनरी, बताई बड़ी वजह
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने जैकब डफी का समर्थन करते हुए उन्हें शानदार गेंदबाज और टीम को सबसे पहले रखने वाली मानसिकता का खिलाड़ी बताया है।
आईपीएल 2027 नीलामी में 66 जगहों के लिए 1220 खिलाड़ियों की दावेदारी, जानें किस टीम के पास कितना पैसा
टाटा आईपीएल-2027 की खिलाड़ी नीलामी के लिए कुल 1220 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 939 भारतीय और 17 देशों के 281 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।
आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भारतीयों का दबदबा, पंत-गिल-जायसवाल टॉप-10 में; बुमराह दूसरे स्थान पर पहुंचे
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन का असर आईसीसी की ताजा टेस्ट खिलाड़ी रैंकिंग में देखने को मिला है।
