द इंडियन व्यू

बिलकिस बानो केस में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, 17 साल से जेल में रहने के बाद 2 दोषियों को मिली जमानत

Poonam Kumari
November 18, 2026
2 min read
बिलकिस बानो केस में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, 17 साल से जेल में रहने के बाद 2 दोषियों को मिली जमानत

विवेक ओझा

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार (16 नवंबर, 2026) को बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म और हत्या मामले में एक अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने 17 साल से अधिक समय से जेल में बंद दो दोषियों—बिपिनचंद जोशी और प्रदीप मोधिया—की उम्रकैद की सजा को निलंबित करते हुए उन्हें जमानत दे दी है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले का आधार

जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने यह आदेश सुनाया। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि दोनों दोषी पहले ही 17 साल से अधिक का समय जेल में बिता चुके हैं और उनकी अपील में ऐसे तथ्य और कानूनी मुद्दे शामिल हैं, जिन पर विस्तृत सुनवाई की आवश्यकता है। सुनवाई के दौरान अदालत ने इस बात पर भी ध्यान दिया कि अपीलकर्ताओं में से एक, बिपिनचंद जोशी, गंभीर रूप से विकलांग हैं। यह आदेश 28 अक्टूबर, 2026 को सुरक्षित रखा गया था।

गुजरात सरकार का विरोध

रिपोर्टों के मुताबिक, इस मामले में गुजरात सरकार ने दोनों दोषियों की जमानत का कड़ा विरोध किया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद उन्हें राहत देने का फैसला किया।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला 2002 के गुजरात दंगों से जुड़ा है। गोधरा कांड के बाद भड़के सांप्रदायिक दंगों के दौरान बिलकिस बानो, जो उस समय 21 वर्ष की थीं और गर्भवती थीं, के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कुल 11 लोगों को दोषी ठहराया गया था।

पहले भी सुप्रीम कोर्ट ने दिया था अहम फैसला

बता दें कि जनवरी 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात सरकार द्वारा दी गई उस छूट को रद्द कर दिया था, जिसके तहत इन 11 दोषियों को समय से पहले रिहा कर दिया गया था। अदालत ने उस फैसले को "पूरी तरह से अमान्य" और "कानून का घोर उल्लंघन" करार दिया था और सभी दोषियों को वापस जेल भेजने का आदेश दिया था। अब बिपिनचंद जोशी और प्रदीप मोधिया ने बॉम्बे हाई कोर्ट के मई 2017 के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उनकी दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा गया था। सुप्रीम कोर्ट ने इसी अपील पर सुनवाई करते हुए उन्हें जमानत दे दी है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें