द इंडियन व्यू

'प्रदूषण हो गया तो समाप्त भी हो जाएगा', पटाखों पर सीएम योगी का बड़ा बयान; कहा- खूब आतिशबाजी करो, कोई प्रतिबंध नहीं

Poonam Kumari
November 11, 2026
3 min read
'प्रदूषण हो गया तो समाप्त भी हो जाएगा', पटाखों पर सीएम योगी का बड़ा बयान; कहा- खूब आतिशबाजी करो, कोई प्रतिबंध नहीं

राघवेंद्र प्रताप सिंह

लखनऊ: दीपावली के बाद देशभर में बढ़ते प्रदूषण के स्तर के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने पटाखों से होने वाले प्रदूषण की चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि लोगों को बिना किसी रोक-टोक के त्योहार मनाने दिया जाना चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि अगर प्रदूषण हुआ भी है, तो वह अपने आप कम हो जाएगा, जबकि भ्रष्टाचार से 'पूरे सिस्टम को प्रदूषित' करने वालों पर कोई सवाल नहीं उठाता।

'खूब आतिशबाजी करो, कोई प्रतिबंध नहीं'

बुधवार (11 नवंबर, 2026) को लखनऊ में एक सरकारी कार्यक्रम में नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "आप लोगों ने दीपावली मनाई और बहुत सारे लोग कह रहे हैं कि इससे प्रदूषण हो गया। अरे, हमने कहा प्रदूषण हो गया, तो वह समाप्त भी हो जाएगा, काहे चिंता कर रहे हो।" उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया, उन्हें कोई नहीं टोकता, लेकिन अगर जनता एक दिन पटाखे जला ले, तो प्रदूषण का मुद्दा उठने लगता है। सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार ने इस बार आतिशबाजी पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया है और लोगों को धूमधाम से दीपावली मनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने यह भी बताया कि वे खुद अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान आतिशबाजी में शामिल हुए थे।

2017 से पहले के हालात पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने अपने बयान में 2017 से पहले की स्थिति पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान हर त्योहार—चाहे होली हो, दिवाली, विजयादशमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि, क्रिसमस, ईद, गुरु पर्व या मकर संक्रांति—से ठीक पहले सांप्रदायिक दंगे भड़क जाते थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने के बाद यह स्थिति बदल गई है और अब लोग शांति से त्योहार मना रहे हैं।

दिल्ली-NCR में प्रदूषण का हाल

सीएम योगी के इस बयान ऐसे समय में आया है जब राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में दीपावली के बाद हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में दीपावली के दिन औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 376 दर्ज किया गया, जो पिछले पांच सालों में सबसे अधिक है। दीपावली के अगले दिन सोमवार सुबह 10 बजे तक AQI 371 बना रहा। दिल्ली के 51 निगरानी केंद्रों में से 14 पर वायु गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) में सबसे अधिक AQI 439 रहा।

सरकारी भर्तियों का दिया भरोसा

इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने राज्य सरकार की भर्ती प्रक्रिया पर भी बात की। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त, 2026 तक सरकारी सेवाओं में 9.5 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने ऐलान किया कि 26 जनवरी तक एक लाख अतिरिक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके अलावा, 42,000 से अधिक होम गार्ड सैनिकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सत्यापन के अंतिम चरण में है। सीएम ने बताया कि इस कार्यक्रम में 'मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना कल्याण योजना' के तहत 4,300 लाभार्थी परिवारों को 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की गई।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें