द इंडियन व्यू

पुणे से छुट्टी के कुछ घंटों बाद मुंबई के अस्पताल में भर्ती हुए शरद पवार, पीएम मोदी ने फोन कर जाना हालचाल

Poonam Kumari
November 5, 2026
2 min read
पुणे से छुट्टी के कुछ घंटों बाद मुंबई के अस्पताल में भर्ती हुए शरद पवार, पीएम मोदी ने फोन कर जाना हालचाल

सरिता त्रिपाठी

मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख और वरिष्ठ राजनीतिज्ञ शरद पवार (85) को बुधवार (4 नवंबर, 2026) को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी उनकी बेटी और बारामती से लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर साझा की।

क्या है पूरा घटनाक्रम?

द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, शरद पवार को 2 नवंबर को खांसी और सीने में दर्द (प्लूरिटिक पेन) की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के मुख्य कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. परवेज के. ग्रांट ने बताया था कि उन्हें सामान्य जांच और चिकित्सीय निगरानी के लिए भर्ती किया गया है। प्लूरिटिक दर्द वह सीने का दर्द होता है जो सांस लेने, खांसने या छींकने पर बढ़ जाता है।

छुट्टी के कुछ घंटों बाद फिर भर्ती

बुधवार सुबह करीब दो दिन के इलाज के बाद उन्हें रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी दे दी गई थी। हालांकि, छुट्टी के कुछ ही घंटों बाद उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुप्रिया सुले ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "हम बाबा को आगे की जांच के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रहे हैं।"

पीएम मोदी ने किया फोन

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह शरद पवार को फोन कर उनका हालचाल जाना। पवार के सहयोगी विठ्ठल मनियार के मुताबिक, पीएम मोदी ने उनसे कहा, "सुप्रिया अब तैयार हैं, वह और अन्य लोग देश संभाल लेंगे, आप पूरा आराम करें।" पवार ने पीएम मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आराम कर रहे हैं और देश की चिंता नहीं कर रहे, क्योंकि सभी लोग चीजों को संभालने के लिए मौजूद हैं।

अस्पताल में भर्ती होने का कारण

सूत्रों के मुताबिक, उन्हें सांस लेने में दिक्कत की भी शिकायत थी। फिलहाल, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें