नमो घाट पर शक्ति प्रदर्शन : नए भारत क़े आत्मविश्वास का प्रतीक

-डॉ. सौरभ मालवीय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गत 25 अक्टूबर को वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित मेगा एयर शो 'विंग्स ओवर गंगा' के तीसरे और अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। यह कार्यक्रम भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
नमो घाट पर आयोजित 'एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026' में भारतीय वायु सेना की शक्ति एवं वीरता का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। आकाश में लगभग 100 विमानों ने अपने करतब दिखाए, जिनमें राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस एलसीए, मिराज-2000, जगुआर, मिग-29, एवं प्रचंड लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर जैसे लड़ाकू विमान भी सम्मिलित थे। एयर शो में परिवहन विमानों ने भी भाग लिया। वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबैटिक टीम एवं सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने भी भव्य प्रदर्शन किया। रतीय नौसेना के P-8I विमान एवं थल सेना के विमानों ने भी इसमें भाग लेकर तीनों सेनाओं के तालमेल का प्रदर्शन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो घाट पर बैठकर वायुसेना के विमानों के कौशल को देखा। उन्होंने वायु सैनिकों का उत्साहवर्धन किया तथा इस अद्भुत प्रदर्शन को देखने के पश्चात् सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा था— वाराणसी एयर शो... अद्भुत!)
परिधान निर्माण फैक्ट्री की इकाई का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के मिर्जामुराद (खोचवां) में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ क्षेत्रफल में निर्मित अरविन्द लिमिटेड गारमेंट एंड अपैरल मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया तथा वहां कार्यरत महिला श्रमिकों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय महिलाओं और जनसमूह को संबोधित भी किया। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के महत्व पर बल दिया। यह इकाई भारत के कपड़ा एवं परिधान निर्माण इकोसिस्टम को सुदृढ़ करने और इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पग है। आधुनिक निर्माण प्रक्रियाओं पर केंद्रित यह इकाई, विशेष रूप से महिलाओं के लिए रोजगार के अच्छे अवसर उत्पन्न करेगी और क्षेत्र की आर्थिक प्रगति में योगदान देगी। उल्लेखनीय है कि फैक्ट्री में आधुनिक मशीनों एवं तकनीकों के माध्यम से परिधान निर्माण किया जाएगा। श्रमिकों को आवश्यक प्रशिक्षण देकर उनके कौशल को विकसित करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। फैक्ट्री में 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती हो भी चुकी है, जिन्हें इकाई में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह पहल कपड़ा एवं परिधान निर्माण इकोसिस्टम को सुदृढ़ करेगी। इस सुविधा से लगभग एक हजार महिलाओं को रोजगार प्राप्त होगा। कपास, रेशम, खादी एवं प्राकृतिक उत्पादों से जुड़े कार्यों को प्रोत्साहन मिलने से कृषि एवं वस्त्र उद्योग के बीच संबंधों को भी सुदृढ़ता मिलेगी।
पूर्वांचल में अरविन्द मिल्स का यह प्रथम बड़ा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है। प्लांट प्रारंभ के पश्चात् फेज-2 का निर्माण होगा, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। काशी के इस नए प्लांट में स्पोर्ट्स वियर, अंडर गारमेंट्स आदि कपड़े का उत्पादन होगा। यहां जॉकी, यूंएस पोलो और एरो जैसे ब्रांड्स का निर्माण होगा।
आधुनिक गारमेंट्स फैक्ट्री से वाराणसी में रोजगार के नए अवसर सृजित होने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलने और स्थानीय वस्त्र उद्योग को सुदृढ़ता मिलने की संभावना है। आधुनिक गारमेंट्स फैक्ट्री महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वाराणसी की पारंपरिक साड़ी, रेशम और हथकरघा उद्योग की समृद्ध विरासत को आधुनिक परिधान निर्माण से जोड़ने के प्रयासों से स्थानीय उद्योगों को नई दिशा मिलेगी। इससे पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक और उत्पादन व्यवस्था के साथ आगे बढ़ाने के अवसर प्राप्त होंगे।
उल्लेखनीय है कि विगत 9 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोदी जी के सरकार के प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद ने उनके दूरदश नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा उत्तर प्रदेश के विकास में निरन्तर योगदान के लिए अभिनन्दन प्रस्ताव पारित किया है। उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, एडा-जेवर’ रखने का प्रस्ताव पारित किया है। यह एयरपोर्ट प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण विमानन परियोजनाओं में से एक है और भविष्य में देश के प्रमुख एविएशन हब के रूप में विकसित होने की क्षमता रखता है।
मुख्यमंत्री लखनऊ के लोक भवन में मंत्रिपरिषद की बैठक के उपरान्त मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मंत्रिपरिषद विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदे-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्ण निष्ठा, ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ निरन्तर कार्य करने का संकल्प दोहराती है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण की यात्रा निरन्तर आगे बढ़ती रहेगी और उत्तर प्रदेश इसमें अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन देश के इतिहास में गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है। सरकार के प्रमुख के रूप में प्रधानमंत्री जी की अनवरत समर्पित सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होना देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। यह अवसर उनके दूरदश नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी है। प्रधानमंत्री जी ने ‘सेवा ही समर्पण’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ को अपना मूल मंत्र मानते हुए सार्वजनिक जीवन में कर्तव्यनिष्ठा, सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण को सर्वोच्च ध्येय बनाया है। उनकी 25 वर्षों की यात्रा जनसेवा से जनकल्याण और जनभागीदारी से जनविश्वास की अनूठी मिसाल है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए यह विशेष गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री जी प्रदेश की पावन धरा से जनप्रतिनिधि और सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं। वर्ष 2014 में काशी से जनता का आशीर्वाद लेते हुए प्रधानमंत्री जी ने कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। काशी और मां गंगा से आरंभ हुआ यह आत्मीय सम्बन्ध समय के साथ और गहरा हुआ है तथा प्रदेश के सर्वांगीण कायाकल्प का आधार बना है। केंद्रीय और राज्य के साझा संकल्प तथा टीम इण्डिया की भावना के अनुरूप डबल इंजन सरकार के प्रभावी समन्वय से प्रदेश अभूतपूर्व प्रगति के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री जी के लंबे प्रशासनिक अनुभव, दूरदर्शिता और मार्गदर्शन से प्रेरणा लेकर उत्तर प्रदेश ने शासन की नई कार्य संस्कृति अपनाई है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश विरासत और विकास के समन्वय के साथ चतुर्मुखी प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री जी की दूरदश सोच के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के नए मॉडल को के रूप में उभरा है। प्रदेश में लगभग 60 हजार करोड़ रुपये की लागत से 2,483 किलोमीटर लंबे 42 राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण हुआ है। दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेस-वे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं से आवागमन को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि रेल, मैट्रो और क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट व्यवस्था के अंतर्गत 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत-आरआरटीएस परियोजना देश में उच्च गति सार्वजनिक परिवहन की मिसाल बनी है। लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मैट्रो रेल नेटवर्क का विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि गरीब, वंचित, पिछड़े, युवा, महिला और किसान सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए व्यापक प्रयास किए गए हैं। महिलाओं की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी को बल मिला है। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा प्रदान किया गया तथा आर्थिक रूप से कमजोर ईडब्ल्यूएस को 10 प्रतिशत आरक्षण का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े लोगों को सम्मानजनक जीवन उपलबढ़ कराने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के तीन करोड़ से अधिक किसानों के खातों में अब तक एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधा हस्तान्तरित की जा चुकी है। प्रदेश में 86 लाख लघु एवं सीमान्त किसानों की कर्जमाफी की गई। पांच करोड़ 50 लाख किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 13 लाख 42 हजार 977 करोड़ रुपये का फसल ऋण वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त 79 लाख 51 हजार किसानों को फसल क्षतिपूर्ति का भुगतान किया गया है। गन्ना किसानों को तीन लाख 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड भुगतान सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण की प्रतिबद्धता के अंतर्गत 65 लाख से अधिक गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत आवास उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से तीन करोड़ 67 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों के लगभग 15 करोड़ नागरिकों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत दो करोड़ 46 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल के कनेक्शन दिए गए हैं। इससे बुन्देलखण्ड और विन्ध्य क्षेत्र में भी घर-घर तक पेयजल की पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जनधन खातों और बैंक मित्र नेटवर्क के विस्तार से वित्तीय समावेशन को भी मजबूती मिली है। स्वस्थ उत्तर प्रदेश के संकल्प के साथ प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत छह करोड़ आठ हजार आयुष्मान कार्ड जारी कर नौ करोड़ 90 लाख नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है। एक करोड़ नौ लाख 52 हजार गम्भीर रोगियों को 18,798 करोड़ रुपये का निःशुल्क उपचार प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों के माध्यम से 14.67 करोड़ नागरिकों को उपचार मिला है। गोरखपुर और रायबरेली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ह्एम्स) का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
लेखक - लखनऊ यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग क़े अध्यक्ष हैं.
