दिवाली से पहले रेलवा का बड़ा तोहफा: मुंबई-बेंगलुरु और दिल्ली-वाराणसी के बीच शुरू होंगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें, जानें रूट, टाइमिंग और किराया

सरिता त्रिपाठी
नई दिल्ली: त्योहारी सीजन में यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए भारतीय रेलवे दो नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। देश की पहली और दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें मुंबई-बेंगलुरु और दिल्ली-वाराणसी के बीच चलेंगी। इन ट्रेनों से लंबी दूरी की यात्रा अब पहले से कहीं ज्यादा आरामदायक और तेज हो जाएगी।
मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर: 16 घंटे में पूरा होगा सफर
मुंबई और बेंगलुरु के बीच चलने वाली देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 31 अक्टूबर, 2026 से शुरू होगी। यह ट्रेन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से रात 8:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:55 बजे बेंगलुरु के सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (SMVT) पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन बेंगलुरु से शाम 7:50 बजे चलकर अगले दिन सुबह 11:55 बजे मुंबई पहुंचेगी। इस ट्रेन से मुंबई से बेंगलुरु का सफर अब सिर्फ 15-16 घंटे में पूरा होगा, जो अभी 24-25 घंटे लगते हैं। रास्ते में यह ट्रेन कल्याण, पुणे, सोलापुर, कलबुर्गी, रायचूर, गुंटकल और अनंतपुर में रुकेगी।
दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर: 31 अक्टूबर से शुरुआत
देश की दूसरी और उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन वाराणसी और नई दिल्ली के बीच 31 अक्टूबर, 2026 से चलेगी। ट्रेन संख्या 27421 वाराणसी जंक्शन से रात 8:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:55 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में नई दिल्ली से यह ट्रेन रात 9:40 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 6:45 बजे वाराणसी पहुंचेगी। यह ट्रेन हफ्ते में छह दिन चलेगी और शनिवार को इसकी सेवा उपलब्ध नहीं होगी। रास्ते में यह प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल में रुकेगी। इससे दिवाली और छठ पूजा के दौरान पूर्वांचल के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
किराया: 2.40 रुपये प्रति किलोमीटर से शुरू
दोनों ट्रेनों का किराया दूरी के आधार पर तय किया जाएगा। एसी 3-टियर के लिए 2.40 रुपये प्रति किलोमीटर, एसी 2-टियर के लिए 3.10 रुपये प्रति किलोमीटर और फर्स्ट एसी के लिए 3.80 रुपये प्रति किलोमीटर (जीएसटी को छोड़कर) की दर तय की गई है। इस हिसाब से 1,000 किलोमीटर की यात्रा का बेस किराया लगभग 2,400 रुपये होगा। मुंबई-बेंगलुरु रूट पर एसी 3-टियर का किराया करीब 2,300 रुपये होने की उम्मीद है।
क्या है खास?
इन ट्रेनों में आधुनिक सुविधाएं जैसे हॉट शावर, गर्मा-गरम खाना और आरामदायक बर्थ मिलेंगी। 16 कोच वाली इन ट्रेनों की क्षमता 823 यात्रियों की होगी और ये 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी। टिकट बुकिंग 27 अक्टूबर, 2026 से शुरू होने की संभावना है। ये ट्रेनें त्योहारी सीजन में यात्रियों को कन्फर्म टिकट और आरामदायक सफर का बेहतर विकल्प देंगी।
