द इंडियन व्यू

तमिलनाडु प्रीमियर लीग में गेंद से छेड़छाड़ विवाद: मदुरै पैंथर्स के आरोप, डिंडीगुल ड्रैगन्स को मिली क्लीन चिट

तमिलनाडु प्रीमियर लीग में आर अश्विन की कप्तानी वाली डिंडीगुल ड्रैगन्स के खिलाफ सीचम मदुरै पैंथर्स ने गेंद से छेड़छाड़ के आरोप लगाए। पैंथर्स ने ड्रैगन्स पर 14 जून को सलेम में हुए मैच के दौरान ‘केमिकल लगे तौलिये का…

Ragwendra P Singh
June 17, 2025
3 min read
तमिलनाडु प्रीमियर लीग में गेंद से छेड़छाड़ विवाद: मदुरै पैंथर्स के आरोप, डिंडीगुल ड्रैगन्स को मिली क्लीन चिट

तमिलनाडु प्रीमियर लीग में आर अश्विन की कप्तानी वाली डिंडीगुल ड्रैगन्स के खिलाफ सीचम मदुरै पैंथर्स ने गेंद से छेड़छाड़ के आरोप लगाए। पैंथर्स ने ड्रैगन्स पर 14 जून को सलेम में हुए मैच के दौरान ‘केमिकल लगे तौलिये का इस्तेमाल’ करके गेंद से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।

साभार : गूगल

बाद में डिंडीगुल ड्रैगन्स और उनके टीम के कप्तान आर अश्विन को तमिलनाडु प्रीमियर लीग द्वारा गेंद से छेड़छाड़ के आरोपों से मुक्त कर दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन ने कहा कि उसकी समीक्षा में उक्त खेल में गेंद से छेड़छाड़ का कोई सबूत नहीं मिला।

यह समझा जाता है कि इन तौलियों को राज्य क्रिकेट संघ ने गेंद के गीला होने पर उसे पोंछने के लिए मुहैया कराया था। गेंद को सुखाने का काम मैदानी अंपायरों की मौजूदगी में किया गया। टीएनपीएल ने ऐसे में पैंथर्स से अपने आरोपों को ‘पुष्ट’ करने के लिए जल्द से जल्द सबूत पेश करने को कहा है।

टीएनपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रसन्ना कन्नन ने पैंथर्स को भेजे ईमेल में लिखा, ‘‘आरोप बाद में (मैच खत्म होने के बाद) लगाए गए। यह बिना किसी सबूत के अटकलों पर आधारित लग रहे हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह टीम की आंतरिक संचार पर आधारित है।’’

कन्नन ने कहा कि मैच के दौरान या बाद में मैदानी अंपायरों या मैच रेफरी द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। उन्होंने कहा, ‘‘ जिन तौलियों पर सवाल उठाया गया है, वे टीएनसीए द्वारा जारी की गई थी और दोनों टीमों के लिए समान रूप से उपलब्ध थीं। खेल नियंत्रण टीम (जिसमें अंपायर और मैच रेफरी शामिल थे) ने पूरे मैच के दौरान गेंद पर पूरी निगरानी रखी।’’ टीएनपीएल इस मुद्दे पर चर्चा के लिए एक आंतरिक समिति गठित करने जा रहा है।

कन्नन ने कहा, ‘‘ फ्रेंचाइजी के पास अगर विश्वसनीय और सत्यापन योग्य साक्ष्य हों तो वे 17 जून को अपराह्न तीन बजे तक स्वतंत्र जांच आयोग के लिए औपचारिक अनुरोध प्रस्तुत कर सकते हैं। वे इसके साथ ही सहायक सामग्री (वीडियो, फोटोग्राफिक या कोई और सबूत) भी प्रस्तुत कर सकते हैं।’’

इससे पहले पैंथर्स के सीईओ महेश एस ने टीएनपीएल को पत्र लिखकर गत चैंपियन ड्रैगन्स द्वारा गेंद से ‘स्पष्ट’ छेड़छाड़ का दावा किया था। अपने पत्र में महेश ने टीएनपीएल के शीर्ष अधिकारियों से तौलिये के स्रोत की जांच करने को भी कहा। सलेम क्रिकेट फाउंडेशन ग्राउंड में हुए इस मैच में ड्रैगन्स ने पैंथर्स को नौ विकेट से हराया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पैंथर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 150 रन बनाए। अश्विन को कोई विकेट नहीं मिला और उन्होंने अपने चार ओवर में 27 रन दिए। उन्होंने सलामी बल्लेबाज के तौर पर बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 49 रन बनाए और ड्रैगन्स ने 12.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से हराया

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ का उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय की हार

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।