'टाटा को आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा', राहुल गांधी ने उद्योगपतियों की चुप्पी पर उठाए सवाल; बोले- भारतीय कारोबार मोदी-शाह का खिलौना नहीं

अभिषेक सिंह
नई दिल्ली: टाटा संस के नेतृत्व को लेकर चल रहे अंदरूनी विवाद ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार (28 अक्टूबर, 2026) को टाटा समूह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक कारोबारी समूह को "आपराधिक तरीके से बर्बाद" किया जा रहा है। उन्होंने इस मुद्दे पर देश के प्रमुख उद्योगपतियों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं।
राहुल गांधी का तीखा हमला
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में लिखा, "टाटा को आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा है, और किसी भी कारोबारी नेता में एक शब्द बोलने की हिम्मत नहीं है। आप कब तक चुप रहेंगे? क्या तब तक, जब तक वे आप पर पूरी तरह कब्जा न कर लें? भारतीय कारोबार मोदी और शाह का खिलौना नहीं है।" उन्होंने आगे कहा, "आपमें हिम्मत की कमी है... हममें नहीं है... हम इन अपराधों के लिए न्याय सुनिश्चित करेंगे।" राहुल गांधी टाटा समूह के इस अंदरूनी विवाद पर खुलकर बोलने वाले पहले प्रमुख राजनेता हैं।
क्या है टाटा विवाद?
यह विवाद टाटा संस के कार्यकारी चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को लेकर है। इस हफ्ते की शुरुआत में टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की फिर से नियुक्ति के प्रस्ताव को चुनौती दी है। यह प्रस्ताव 17 सितंबर को टाटा संस की बोर्ड बैठक में पारित किया गया था। नोएल टाटा का तर्क है कि बोर्ड को भेजे गए एजेंडे में चंद्रशेखरन की नियुक्ति का जिक्र नहीं था, और उन्हें बैठक के ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और कार्यवृत्त भी उपलब्ध नहीं कराए गए। उन्होंने प्रस्ताव को "शून्य" करार दिया है। विवाद की जड़ टाटा संस को स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट करने का मुद्दा है, जिसके पक्ष में चंद्रशेखरन हैं, जबकि नोएल टाटा इसका विरोध कर रहे हैं।
बीजेपी ने किया पलटवार
राहुल गांधी के इन आरोपों पर बीजेपी ने तीखा पलटवार किया है। बीजेपी नेता सी.आर. केसवन ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे नेहरू की तरह अर्थशास्त्र के मामले में पूरी तरह अनजान हैं। केसवन ने जेआरडी टाटा के नेहरू पर दिए एक पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी को भी टाटा समूह के इतिहास और उसके योगदान को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को "मृत" बताया था, जबकि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है। बीजेपी प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने तो यहां तक आरोप लगाया कि राहुल गांधी के 'X' अकाउंट को कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी चला रहे हैं।
फिलहाल, सरकार या टाटा समूह की ओर से राहुल गांधी के आरोपों पर कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई है।
