जेवर में नया औद्योगिक निवेश: CM योगी ने CNH के ट्रैक्टर प्लांट का किया उद्घाटन, बोले—बेहतर कानून-व्यवस्था ने यूपी को बनाया निवेश का हब

राघवेंद्र प्रताप सिंह
उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश की नई इबारत लिखी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस मौके पर सीएम योगी ने स्पष्ट कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेशकों को दी जा रही सुविधाओं के कारण उत्तर प्रदेश अब देश का प्रमुख निवेश केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि जेवर जैसे इलाके, जो कभी अपराध के लिए बदनाम थे, आज बड़े औद्योगिक गंतव्य के रूप में उभर रहे हैं। यह बदलाव सरकार की नीति और इरादे की मजबूती का प्रमाण है।
यह परियोजना यीडा क्षेत्र के सेक्टर-8डी में करीब 100 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही है। परियोजना में लगभग 1,220 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और इससे करीब 1,200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इकाई प्रदेश में कृषि मशीनरी और ट्रैक्टर विनिर्माण क्षेत्र को नई मजबूती देगी। इसके साथ ही कलपुर्जा आपूर्तिकर्ताओं, लॉजिस्टिक्स और सहायक इकाइयों के विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा। सरकार का दावा है कि यह निवेश पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य को बदलने में अहम भूमिका निभाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को कानून-व्यवस्था के मामले में कमजोर माना जाता था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति तथा उद्योगों को सुरक्षा और सुविधा देने के कारण बड़ी कंपनियां राज्य में निवेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जेवर क्षेत्र का विकास इस बात का उदाहरण है कि कैसे एक बदनाम इलाका बड़े औद्योगिक और आर्थिक केंद्र में तब्दील हो सकता है। उन्होंने किसानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आभार भी व्यक्त किया, जिन्होंने विकास के लिए भूमि उपलब्ध कराने में सहयोग किया।
जेवर और यीडा क्षेत्र को उत्तर भारत का बड़ा औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब बनाने की दिशा में कई परियोजनाएं आकार ले रही हैं। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के साथ-साथ यहां एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी परियोजनाएं विकसित हो रही हैं। सीएम योगी ने कहा कि ये परियोजनाएं न केवल रोजगार देंगी, बल्कि यूपी को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला से भी जोड़ेंगी। उन्होंने कहा कि जब कंपनियां यहां ट्रैक्टर और अन्य मशीनरी बनाएंगी, तो देश-विदेश में इनकी मांग बढ़ेगी और यूपी की पहचान और मजबूत होगी।
औद्योगिक निवेश को लेकर विपक्ष ने भी सवाल उठाए हैं, लेकिन सरकार का कहना है कि निवेश प्रस्तावों का जमीन पर उतरना ही सबसे बड़ा जवाब है। यीडा क्षेत्र में भूमि आवंटन से लेकर निर्माण और उत्पादन शुरू होने तक की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि पारदर्शी नीति और सिंगल विंडो क्लीयरेंस से उद्योगों को समय पर मंजूरी मिल रही है। जेवर में बन रहा यह नया ट्रैक्टर प्लांट इस बात का उदाहरण है कि राज्य में औद्योगिक निवेश अब केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर काम शुरू हो चुका है। सरकार की कोशिश है कि जेवर और आसपास का इलाका उत्तर भारत का नया औद्योगिक गेटवे बन जाए और इसका लाभ स्थानीय लोगों को रोजगार के रूप में मिले।
