चुनाव से पहले योगी सरकार लाएगी ₹50 हजार करोड़ का दूसरा अनुपूरक बजट: महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की नई योजना और किसानों के लिए राहत पैकेज की तैयारी

सरिता त्रिपाठी
विधानसभा चुनाव की दहलीज पर खड़ी योगी सरकार एक बार फिर बड़ा वित्तीय कदम उठाने जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार विधानमंडल के शीतकालीन सत्र में 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक का दूसरा अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी में है। शीतकालीन सत्र लगभग 15 दिसंबर के आस-पास आयोजित होने की संभावना है। वित्त विभाग इसके लिए विभिन्न विभागों से प्रस्ताव मांगने की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है।
इस अनुपूरक बजट की सबसे बड़ी खास बात यह है कि इसमें महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की एक नई योजना शामिल हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार स्वरोजगार के लिए महिलाओं को एकमुश्त धनराशि देने पर विचार कर रही है। हाल ही में एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष पैकेज लाने की बात कही थी और उनसे यह तय करने को कहा था कि वे कौन-सा काम शुरू करना चाहती हैं।
दूसरी बड़ी घोषणा किसानों के लिए राहत पैकेज की हो सकती है। सीएम योगी ने पहले भी किसानों के लिए विशेष पैकेज लाने के संकेत दिए थे। इसके अलावा, इस बजट में प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिए अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान भी किया जाएगा, जिससे सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को गति मिलेगी।
गौरतलब है कि सरकार पहले ही चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 59 हजार करोड़ रुपये का पहला अनुपूरक बजट पेश कर चुकी है। अब दूसरा अनुपूरक बजट चुनाव से पहले सरकार की प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को और मजबूती देने के इरादे को दर्शाता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बजट चुनावी मौसम में सरकार के एजेंडे को जनता तक पहुंचाने का एक अहम जरिया साबित होगा, खासकर महिलाओं और किसानों जैसे बड़े वोट बैंक को साधने में।
