द इंडियन व्यू

केजरीवाल के आरोप पर नीरज कुमार का सवाल, '10 साल तक क्या किया?'

पटना। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के यमुना को हरियाणा सरकार द्वारा प्रदूषित करने के बयान पर जनता दल (यूनाइटेड) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है, तो उन्होंने…

Ragwendra P Singh
January 28, 2025
2 min read
केजरीवाल के आरोप पर नीरज कुमार का सवाल, '10 साल तक क्या किया?'

पटना। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के यमुना को हरियाणा सरकार द्वारा प्रदूषित करने के बयान पर जनता दल (यूनाइटेड) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है, तो उन्होंने पिछले 10 साल में इसे रोकने के लिए कोई मैकेनिज्म क्यों नहीं तैयार किया?

यमुना नदी में हरियाणा की तरफ से जहर छोड़े जाने वाले केजरीवाल के बयान पर जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, केजरीवाल खुद भ्रष्टाचार के मामले में जेल में रहे। जेल से ही उन्होंने सरकार चलाई। दो पर एक शराब की बोतल फ्री करना उनका मानक रहा है। अब आरोप लगा रहे हैं कि हरियाणा यमुना में जहर मिला रहा है। यह कैसा आरोप है?

उन्होंने कहा, दिल्ली की जनता केजरीवाल से बुनियादी मांग कर रही है। वो 10 साल से दिल्ली की सरकार चला रहे हैं, इस दौरान उन्होंने क्या किया? जो वो आरोप लगा रहे हैं, उसके लिए उन्होंने बीते 10 सालों में कोई मैकेनिज्म क्यों नहीं बनाया? जब उनका राजनीतिक वजूद खतरे में पड़ रहा है, तो आम लोगों के जीवन को भी खतरे में डालने की साजिश कर रहे हैं।

जेडीयू प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा, केजरीवाल ने शराब में दो पर दो फ्री का जो फार्मूला लाया था, अगर उसको दो पर दो फ्री कर दें, तब जाकर उनका दिमाग शांत होगा।

होली के बाद बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत के राजनीति में सक्रिय होने की चर्चाओं को नीरज कुमार ने निराधार बताया।

उन्होंने कहा, हमारे राजनीतिक विरोधी शिगूफा के बुनियाद पर राजनीति की दिशा तय करने पर भरोसा करते हैं। नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के रास्ते पर है। उनके पुत्र निशांत के राजनीति में पदार्पण की बात गलत है, जो नीतीश कुमार के व्यक्तित्व से परेशान हैं, उनके सामने टिक नहीं पाते हैं। वो तरह-तरह का शिगूफा छोड़ते रहते हैं।

उन्होंने कहा, इसको लेकर ना नीतीश कुमार ने कोई इच्छा प्रकट की है और ना ही उनके पुत्र ने कोई इच्छा प्रकट की है। ये मीडिया का एक वर्ग है, वो अपने कयास लगाते रहते हैं। उनको हर तीन महीने में कोई ऐसी खबर चाहिए, जिससे नीतीश कुमार की घेराबंदी हो।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें