द इंडियन व्यू

उत्तराखंड: रामनगर में वन भूमि पर चला बुलडोजर, 525 पुलिसकर्मी और PAC की 3 कंपनियां तैनात; 14 सेक्टर में एक साथ चल रही तोड़फोड़

Poonam Kumari
October 31, 2026
2 min read
उत्तराखंड: रामनगर में वन भूमि पर चला बुलडोजर, 525 पुलिसकर्मी और PAC की 3 कंपनियां तैनात; 14 सेक्टर में एक साथ चल रही तोड़फोड़

राघवेंद्र प्रताप सिंह

रामनगर: उत्तराखंड के रामनगर में वन विभाग की जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार (31 अक्टूबर, 2026) तड़के से बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। पुछड़ी गांव में करीब 5 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। इस कार्रवाई के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा का अभूतपूर्व घेरा तैयार किया है।

सुबह 4 बजे से शुरू हुई तैयारी, 5 बजे से ध्वस्तीकरण

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजे राजकीय महाविद्यालय से पुलिस, वन विभाग और प्रशासन के अधिकारी अपने-अपने दल-बल के साथ पुछड़ी गांव की ओर रवाना हुए। सुबह 5 बजे से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पुछड़ी जाने वाले मार्ग पर आम लोगों की आवाजाही रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की बाधा न आए।

14 सेक्टर में एक साथ चल रही कार्रवाई

प्रशासन ने पूरे इलाके को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर एक साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की है। मौके पर 14 सेक्टरों में बुलडोजर चल रहे हैं। कई स्थानीय लोगों ने रात में ही अपना सामान समेट लिया था, जिसके बाद सुबह से कच्चे और पक्के अतिक्रमणों को गिराया जा रहा है। अभियान का लक्ष्य 5 हेक्टेयर क्षेत्र से अतिक्रमण पूरी तरह हटाना है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम*

इस बड़ी कार्रवाई के लिए प्रशासन ने सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की है। कुल 525 पुलिसकर्मी और PAC की तीन कंपनियां मोर्चे पर तैनात की गई हैं, जिनमें पांच एसपी स्तर के अधिकारी, छह सीओ और 25 निरीक्षक शामिल हैं। पूरे क्षेत्र को दो सुपर जोन, सात जोन और 14 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सुरक्षा के लिए छह बैरियर बनाए गए हैं। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को इस पूरे अभियान का प्रभारी बनाया गया है, जबकि तीन अपर पुलिस अधीक्षक और छह क्षेत्राधिकारी अलग-अलग जोनों की निगरानी कर रहे हैं।

क्यों चलाया जा रहा है अभियान?

वन विभाग की भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन संपत्ति को संरक्षित करने और कानून का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई जरूरी है। फिलहाल, ध्वस्तीकरण का काम लगातार जारी है और प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें