उत्तर प्रदेश में 20 नवंबर से हर जिले में लगेंगे EVM डेमो सेंटर, मतदाता खुद देख सकेंगे VVPAT की पर्ची

लखनऊ ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : उत्तर प्रदेश में विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को लेकर निर्वाचन आयोग ने मतदाता जागरूकता की तैयारी शुरू कर दी है. इसके तहत प्रदेश के सभी जिलों में 20 नवंबर 2026 से ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (EDC) शुरू किए जाएंगे. इन केंद्रों पर मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा. यह अभियान विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक संचालित रहेगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को ईवीएम और वीवीपैट के प्रदर्शन, प्रशिक्षण तथा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं. इसके तहत प्रत्येक जिले में जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालय अथवा तहसील मुख्यालय पर डेमोंस्ट्रेशन सेंटर बनाए जाएंगे. इन केंद्रों पर मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
बैलेट यूनिट और कंट्रोल यूनिट का समझाया जाएगा काम :
डेमोंस्ट्रेशन सेंटर पर मतदाताओं को बैलेट यूनिट (BU), कंट्रोल यूनिट (CU) और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाई जाएगी। उन्हें बताया जाएगा कि ईवीएम के माध्यम से वोट डालने की प्रक्रिया कैसे पूरी होती है. साथ ही मतदान के बाद वीवीपैट में पर्ची किस तरह प्रिंट होती है, इसका भी प्रदर्शन किया जाएगा. मतदाता वीवीपैट में छपी पर्ची को अपनी आंखों से देख सकेंगे. इसके लिए मशीनों को इस तरह रखा जाएगा कि पर्ची स्पष्ट दिखाई दे।
मोबाइल डेमो वैन से भी किया जाएगा जागरूक
निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाताओं तक जानकारी पहुंचाने के लिए मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन और डिजिटल माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जाएगा. इसके अलावा ईवीएम जागरूकता कार्यक्रमों का प्रचार मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर किया जाएगा. जिला निर्वाचन अधिकारी और संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर प्रतिदिन कार्यक्रमों की निगरानी करेंगे. जागरूकता गतिविधियों की तस्वीरें अपने आधिकारिक एक्स हैंडल और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करेंगे।
प्रदेश के सभी ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे. प्रत्येक केंद्र पर ईवीएम और वीवीपैट की जानकारी रखने वाले अधिकारी या कर्मचारी की तैनाती की जाएगी. ये कर्मचारी मतदाताओं को पूरी प्रक्रिया समझाने के साथ उनकी शंकाओं और सवालों का समाधान भी करेंगे. केंद्रों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. साथ ही बैनर, स्टैंडी और साइनबोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि मतदाताओं को केंद्रों की पहचान करने में परेशानी न हो।
