द इंडियन व्यू

यूटीटी सीज़न 6: स्नेहित की चमक, अहमदाबाद एसजी पाइपर्स की जीत की धमक

अहमदाबाद: भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी स्नेहित सुरवज्जुला ने इंडियन ऑयल अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीज़न 6 का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व रैंकिंग में 26वें स्थान पर मौजूद क्वाड्री अरुणा को सीधे गेमों में 3-0 से हराकर…

Ragwendra P Singh
June 10, 2025
3 min read
यूटीटी सीज़न 6: स्नेहित की चमक, अहमदाबाद एसजी पाइपर्स की जीत की धमक

अहमदाबाद: भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी स्नेहित सुरवज्जुला ने इंडियन ऑयल अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीज़न 6 का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व रैंकिंग में 26वें स्थान पर मौजूद क्वाड्री अरुणा को सीधे गेमों में 3-0 से हराकर अहमदाबाद एसजी पाइपर्स को कोलकाता थंडरब्लेड्स पर 8-7 से रोमांचक जीत दिलाई।

हालांकि अहमदाबाद ने यह मुक़ाबला जीत लिया, लेकिन उनकी प्लेऑफ़ में पहुंचने की उम्मीदें इस जीत के बावजूद खत्म हो गईं।

दूसरी ओर, कोलकाता को अपनी किस्मत जानने के लिए अब सीज़न के अंतिम दो मुक़ाबलों तक का इंतज़ार करना होगा। इस परिणाम के साथ ही डेम्पो गोवा चैलेंजर्स और दबंग दिल्ली टीटीसी ने प्लेऑफ़ में जगह पक्की कर ली है।

टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के तत्वावधान में और नीरज बजाज तथा वीटा दानी द्वारा प्रमोट किए जा रहे इंडियनऑयल यूटीटी ने एक प्रतिष्ठित प्रोफेशनल लीग के रूप में अपनी जगह मजबूत की है।

मैच की शुरुआत से ही हाई ड्रामा

शाम की शुरुआत रोमांच से हुई जब जर्मन खिलाड़ी रिकार्डो वाल्टर ने कोलकाता के अंकुर भट्टाचार्य को सीज़न की पहली हार चखाई। अंकुर ने पहले गेम में 7-1 की बढ़त ली थी, लेकिन वाल्टर ने जबरदस्त वापसी करते हुए यह गेम 11-10 से जीत लिया। इसके बाद उन्होंने दूसरा गेम 11-5 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

अंकुर ने आखिरी गेम जीतकर कोलकाता को मुकाबले में बनाए रखा। महिला एकल में, आयहिका मुखर्जी ने प्यूर्टो रिको की दिग्गज खिलाड़ी एड्रियाना डियाज़ के खिलाफ पहला गेम जीत लिया, लेकिन डियाज़ ने अगला दोनों गेम बड़े अंतर से जीतकर मुकाबला 2-1 से अपने नाम किया।

निर्णायक गेम में डियाज़ ने 11-1 से बाज़ी मारी। मिक्स्ड डबल्स में अंकुर और डियाज़ ने दबाव के क्षणों में संयम बरतते हुए वाल्टर और आयहिका को 2-1 से हराया।

स्नेहित का धमाका

अब तक सीज़न में जीत की तलाश कर रहे स्नेहित ने चौथे मैच में क्वाड्री अरुणा को 3-0 से हराकर जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले गेम में 9-10 और दूसरे गेम में 5-8 से पिछड़ने के बावजूद वापसी की और आक्रामक फोरहैंड शॉट्स के दम पर एकतरफा अंदाज़ में जीत दर्ज की। यह यूटीटी सीज़न 6 की सबसे बड़ी व्यक्तिगत जीतों में से एक रही।

अंतिम मैच में तमिलनाडु की यशिनी शिवशंकर और सेलिना सेल्वाकुमार आमने-सामने थीं, जो हाल ही में डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर चेन्नई सर्किट में डबल्स जोड़ीदार भी रही हैं।

इस मुकाबले में सेलिना ने 2-1 से जीत दर्ज कर इस सीज़न की अपनी पहली जीत हासिल की। स्नेहित को ‘भारतीय प्लेयर ऑफ द टाई’ और डियाज़ को ‘विदेशी प्लेयर ऑफ द टाई’ चुना गया, जबकि रिकार्डो वाल्टर को ‘शॉट ऑफ द टाई’ अवॉर्ड मिला।

अंतिम स्कोर

अहमदाबाद एसजी पाइपर्स ने कोलकाता थंडरब्लेड्स को 8-7 से हराया

रिकार्डो वाल्टर ने अंकुर भट्टाचार्य को हराया 2-1 (11-10, 11-5, 10-11)

आयहिका मुखर्जी हारीं एड्रियाना डियाज़ से 1-2 (11-10, 8-11, 1-11)

वाल्टर/आयहिका हारे अंकुर/डियाज़ से 1-2 (10-11, 11-8, 7-11)

स्नेहित सुरवज्जुला ने क्वाड्री अरुणा को हराया 3-0 (11-10, 11-9, 11-8)

यशिनी शिवशंकर हारीं सेलिना सेल्वाकुमार से 1-2 (10-11, 11-4, 10-11)

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से हराया

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ का उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय की हार

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।