द इंडियन व्यू

आठ मांगों को लेकर लखनऊ में सड़क पर उतरे प्रदेश भर के अधिवक्ता, जेसीपी बबलू कुमार को सौंपा ज्ञापन

Poonam Kumari
November 14, 2026
2 min read
आठ मांगों को लेकर लखनऊ में सड़क पर उतरे प्रदेश भर के अधिवक्ता, जेसीपी बबलू कुमार को सौंपा ज्ञापन

अभिषेक सिंह

लखनऊ: शनिवार (14 नवंबर, 2026) को प्रदेशभर के अधिवक्ताओं ने आठ सूत्रीय मांगों को लेकर जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के पास जोरदार प्रदर्शन किया। सेंट्रल बार एसोसिएशन और लखनऊ बार एसोसिएशन के संयुक्त आह्वान पर हुए इस प्रदर्शन में लगभग 48 जिलों के वकील शामिल हुए। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन संयुक्त पुलिस आयुक्त (JCP) बबलू कुमार को सौंपा। वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

आठ सूत्रीय मांगें

1. अधिवक्ता सुरक्षा कानून: राज्य में 'उत्तर प्रदेश अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम' लागू करना प्रमुख मांग है। वकीलों ने मांग की है कि इसका प्रारूप तैयार कर सभी बार एसोसिएशनों से विचार-विमर्श के बाद इसे तत्काल लागू किया जाए।

2. कल्याण राशि में बढ़ोतरी: अधिवक्ता कल्याण राशि को 5 लाख से बढ़ाकर 25 लाख करने की मांग की गई है।

3. टोल टैक्स में छूट: प्रैक्टिस (COP) कार्ड धारक अधिवक्ताओं को टोल टैक्स से छूट देने की मांग की गई है।

4. चैंबर का पुनर्निर्माण: 2016 में पुराने तहसील परिसर के स्थानांतरण के बाद ध्वस्त किए गए अधिवक्ताओं के चैंबरों को फिर से बनाने की मांग की गई है।

5. पार्किंग की सुविधा: सिविल कोर्ट के गेट नंबर-3 के सामने परिवहन विभाग के कार्यशाला स्थल पर अधिवक्ताओं और वादकारियों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

6. कैसरबाग बस स्टैंड का स्थानांतरण: शहर में भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम के मद्देनजर कैसरबाग बस स्टैंड को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की गई है।

7. स्वास्थ्य बीमा और आयुष्मान कार्ड: अधिवक्ताओं के लिए घोषित स्वास्थ्य बीमा योजना को शीघ्र लागू करने और उनके परिवारों को आयुष्मान कार्ड जारी करने की मांग की गई है।

8. पुलिस और प्रशासनिक व्यवहार: पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा कथित उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के खिलाफ कार्रवाई तथा अधिवक्ताओं के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की गई है।

आगे की रणनीति

प्रदर्शन का नेतृत्व सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश जायसवाल और लखनऊ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जीएन शुक्ला 'चच्चू' ने किया। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगें नहीं मानी गईं, तो वे काम बंद कर महापंचायत का आयोजन करेंगे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें