आजम खान को नहीं मिली राहत, कोर्ट ने 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा; 26 नवंबर को होगी अगली सुनवाई

सरिता त्रिपाठी
गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को सोमवार (16 नवंबर, 2026) को बड़ा झटका लगा। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार दिवसीय रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उन्हें गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 10 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया गया है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 26 नवंबर को होगी, तब तक आजम खान जेल में ही रहेंगे।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित है। ईडी ने इस सिलसिले में आजम खान से चार दिनों तक गहन पूछताछ की थी। जांच एजेंसी के मुताबिक, विश्वविद्यालय से जुड़ी करीब 426.46 करोड़ रुपये की संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1170 करोड़ रुपये आंकी गई है।
सुप्रीम कोर्ट से मिली थी राहत?
गौरतलब है कि आजम खान ने ईडी की गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। शीर्ष अदालत ने उनकी याचिका को इलाहाबाद हाईकोर्ट भेजते हुए 16 नवंबर को सुनवाई करने का अनुरोध किया था। हालांकि, फिलहाल गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर कोई अंतिम फैसला नहीं आया है, जिसके चलते उन्हें जेल में ही रहना पड़ेगा।
जमानत के लिए नहीं डाली गई याचिका
आजम खान की अधिवक्ता महेश यादव ने जानकारी दी कि अभी उनकी जमानत के लिए गाजियाबाद की अदालत में कोई याचिका नहीं डाली गई है। ऐसे में 26 नवंबर की सुनवाई तक उनके जेल में रहने की संभावना है।
