द इंडियन व्यू

'अपने दिमाग की जांच कराएं', राहुल के फोन टैपिंग के आरोपों पर भाजपा का पलटवार

Poonam Kumari
November 14, 2026
2 min read
'अपने दिमाग की जांच कराएं', राहुल के फोन टैपिंग के आरोपों पर भाजपा का पलटवार

विवेक ओझा

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग का गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा ने राहुल गांधी के इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें 'आदतन झूठा' करार दिया और 'अपने दिमाग की जांच कराने' की सलाह दी है।

भाजपा नेताओं का करारा जवाब

भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के आरोपों पर चौतरफा हमला बोला है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "किसी विदेशी ने पहले ही राहुल गांधी को हैक कर लिया है। उनका फोन हैक करने की किसी को जरूरत नहीं है।" वहीं, केरल भाजपा के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि राहुल गांधी को अपने दिमाग की जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा, "किसी को उनके फोन की टैपिंग कराने में दिलचस्पी नहीं है। अगर किसी को दिलचस्पी है, तो यह समझने में कि उनका दिमाग सिर्फ झूठ पर ही क्यों चलता है।"

'बिना सबूत के बेतुके आरोप'

भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने राहुल गांधी पर 'हिट एंड रन की राजनीति' करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आदतन झूठ बोलते हैं और हर कुछ दिनों में नए आरोप लगाते हैं, लेकिन उन्हें साबित करने की परवाह नहीं करते। सिन्हा ने कहा, "राहुल गांधी को परिपक्व होना चाहिए। अगर उन्हें ऐसी बातें महसूस हो रही हैं जिनका कोई आधार नहीं है, तो उन्हें डॉक्टर से पेशेवर मदद लेनी चाहिए।" भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपनी 'सड़क छाप राजनीति' बंद कर संसद में प्रधानमंत्री से चर्चा करनी चाहिए।

राहुल गांधी ने क्या कहा था?

राहुल गांधी ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी उनका फोन टैप करवा रहे हैं। उन्होंने दावा किया था कि उनके फोन में अपने सभी आरोपों को साबित करने के लिए सबूत मौजूद हैं। राहुल गांधी ने पीएम मोदी को आमने-सामने सार्वजनिक बहस की चुनौती भी दी थी।

कांग्रेस का पलटवार

भाजपा के हमलों के बीच कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मोदी सरकार में महंगाई अब 'डायन' नहीं, बल्कि 'बिन बुलाया मेहमान' बन गई है, जो हर घर का बजट खा रही है। उन्होंने दावा किया कि खुदरा महंगाई दो साल के सबसे ऊंचे स्तर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें