UPI पर MDR लागू करने पर NPCI का बड़ा बचाव: कहा- शून्य MDR अब टिकाऊ नहीं, ऐसे तो खुद को खा जाएगा सिस्टम

सरिता त्रिपाठी
नई दिल्ली: UPI लेनदेन पर MDR (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) लगाए जाने के सरकार के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है। इस मामले में NPCI ने कोर्ट में एक हलफनामा दायर करते हुए स्पष्ट किया है कि UPI पर शून्य MDR की नीति अब टिकाऊ नहीं रह गई है। NPCI ने कहा कि अगर UPI ecosystem को 'ऑरोबोरिक' (खुद को खा जाने वाला) होने से बचाना है, तो MDR लागू करना जरूरी है।
क्या है पूरा मामला?
सुप्रीम कोर्ट में दायर हलफनामे में NPCI ने बताया कि अगस्त 2026 में UPI ने 24.51 अरब लेनदेन किए, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹29.82 लाख करोड़ थी। यह अब तक का सबसे अधिक मासिक आंकड़ा है। वित्त वर्ष 2025-26 में UPI ने लगभग 241.62 अरब लेनदेन किए, जिनकी कीमत लगभग ₹314 लाख करोड़ थी। NPCI ने कहा, "ये आंकड़े सिर्फ विकास नहीं, बल्कि इतने बड़े पैमाने पर विकास को दर्शाते हैं, जो सिस्टम की सुरक्षा, लचीलेपन और बुनियादी ढांचे की क्षमता पर काफी दबाव डालते हैं।"
MDR के नए नियम क्या हैं?
NPCI ने स्पष्ट किया कि P2P (पर्सन टू पर्सन) लेनदेन, जो कुल UPI लेनदेन मूल्य का 70% है, पूरी तरह से मुफ्त रहेगा। ₹2,000 तक के P2M (पर्सन टू मर्चेंट) लेनदेन पर भी कोई MDR नहीं लगेगा। MDR सिर्फ ₹2,000 से अधिक के P2M लेनदेन पर लागू होगा और यह 0.4% से अधिक नहीं होगा।
NPCI के मुताबिक, इस नए फ्रेमवर्क से लगभग 96% P2M लेनदेन प्रभावित नहीं होंगे और MDR सिर्फ लगभग 4% मर्चेंट लेनदेन पर लागू होगा। इस कदम का मकसद सिर्फ उच्च मूल्य वाले वाणिज्य को लक्षित करना है, ताकि आम उपभोक्ताओं और छोटे व्यापारियों पर कोई असर न पड़े।
MDR क्यों जरूरी है?
NPCI ने कोर्ट को बताया कि 2021-2022 से शून्य MDR की भरपाई के लिए सरकार द्वारा दी जा रही प्रोत्साहन राशि सार्वजनिक खजाने पर भारी बोझ बन गई है। UPI ecosystem को चलाने में IT इंफ्रास्ट्रक्चर, साइबर सुरक्षा, जोखिम प्रबंधन, ग्राहक सेवा, मर्चेंट ऑनबोर्डिंग और मार्केटिंग जैसी कई लागतें आती हैं।
संसद की वित्तीय स्थायी समिति (18वीं लोकसभा) की 32वीं रिपोर्ट का हवाला देते हुए NPCI ने कहा कि 2026-27 के लिए ₹2,000 करोड़ का बजट आवंटन उद्योग की वास्तविक लागतों का सिर्फ 11% और संभावित MDR संग्रह का 14% ही कवर करता है। समिति ने पारिस्थितिकी तंत्र की दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए एक 'आत्मनिर्भर, स्तरीय राजस्व मॉडल' की सिफारिश की थी।
MDR को लेकर कानूनी बहस
याचिकाकर्ताओं ने तर्क दिया कि संशोधित MDR ढांचा सिर्फ एक अधिसूचना के बजाय एक नए कानून के जरिए लाया जाना चाहिए था। NPCI ने इसका जवाब देते हुए कहा कि MDR कोई कर, उपकर या शुल्क नहीं है, बल्कि यह भुगतान प्रणाली के संचालन से जुड़ी भारी लागतों की वसूली के लिए लिया जाने वाला 'चार्ज' है, जिसे UPI पारिस्थितिकी तंत्र के प्रतिभागियों के बीच वितरित किया जाता है।
उद्योग का समर्थन
NPCI ने यह भी बताया कि UPI स्टीयरिंग कमेटी, जिसमें फोनपे, गूगल पे और CRED जैसे थर्ड-पार्टी ऐप प्रोवाइडर शामिल हैं, ने भी MDR ढांचे का समर्थन किया है। साथ ही, NPCI ने कहा कि MDR सिस्टम प्रोवाइडर के रूप में उनके पास यह तय करने की स्वतंत्रता है कि वे अपने द्वारा संचालित भुगतान प्रणाली के लिए क्या MDR लागू करेंगे, जो RBI के नियामक ढांचे के अधीन है।
