द इंडियन व्यू

UP Politics: यूपी की सियासत में बड़े भूचाल की तैयारी, साथ आ रहे चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी! इस तारीख को हो सकता है गठबंधन का महा-ऐलान

Poonam Kumari
October 27, 2026
3 min read
UP Politics: यूपी की सियासत में बड़े भूचाल की तैयारी, साथ आ रहे चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी! इस तारीख को हो सकता है गठबंधन का महा-ऐलान

नई दिल्ली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बड़ा उलटफेर होने जा रहा है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद तथा ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी के बीच गठबंधन लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है। दोनों नेताओं के बीच फोन पर कई दौर की सीधी बातचीत हो चुकी है। अब सीट बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन को लेकर दोनों पार्टियों के प्रदेश अध्यक्ष स्तर पर चर्चा चल रही है। सूत्रों के अनुसार, 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाली बहुजन संकल्प महारैली में इस गठबंधन की औपचारिक घोषणा हो सकती है।

फोन पर कई बार हुई बातचीत
चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के बीच गठबंधन को लेकर फोन पर कई बार विस्तृत बातचीत हुई है। दोनों नेताओं ने दलित और मुस्लिम समुदायों को एक मंच पर लाने की रणनीति पर सहमति जताई है। यूपी में दलित आबादी करीब 21 प्रतिशत और मुस्लिम आबादी लगभग 19 प्रतिशत है। दोनों मिलकर राज्य की लगभग 40 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। गठबंधन का मकसद इन दोनों समुदायों को जोड़कर सपा-कांग्रेस और बसपा के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाना है।

सीट बंटवारे को लेकर चल रही है कड़ी बातचीत
गठबंधन की रूपरेखा तय करने के लिए AIMIM के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली और आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर गहन चर्चा चल रही है। बातचीत के मुख्य बिंदु हैं—कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, किन सीटों पर किसका उम्मीदवार होगा और उम्मीदवारों का चयन कैसे होगा।
ओवैसी की पार्टी मुस्लिम बहुल सीटों पर अपना मजबूत दावा ठोक रही है। वहीं चंद्रशेखर की पार्टी कुछ मुस्लिम बहुल सीटों पर खुद चुनाव लड़ना चाहती है। इसके अलावा आजाद समाज पार्टी चाहती है कि दलित आरक्षित सीटों में से आधी सीटें AIMIM को दी जाएं, ताकि दोनों समुदायों का संतुलन बना रहे। सूत्रों के अनुसार, ओवैसी की पार्टी 40 से 45 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि शेष सीटों पर आजाद समाज पार्टी मैदान में उतरेगी।
26 नवंबर की रैली में मुहर लग सकती है

आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद के नजदीकी सूत्रों का कहना है कि जल्द ही चंद्रशेखर ओवैसी से व्यक्तिगत मुलाकात कर सकते हैं। इस मुलाकात का मकसद 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाली बहुजन संकल्प महारैली में ओवैसी को आमंत्रित करना है। सूत्रों का दावा है कि अगर यह व्यक्तिगत मुलाकात हो जाती है तो गठबंधन पर अंतिम मुहर लग जाएगी और उसी रैली में दोनों नेता मंच साझा करते हुए गठबंधन का ऐलान कर सकते हैं।

चंद्रशेखर इस रैली को मायावती के रिकॉर्ड को तोड़ने वाला शक्ति प्रदर्शन बनाना चाहते हैं। उन्होंने मैदान तीन दिनों के लिए बुक कर रखा है और पूरे प्रदेश से कार्यकर्ताओं को जुटाने का अभियान छेड़ रखा है।

सियासी समीकरण पर क्या पड़ेगा असर?
यह गठबंधन सफल रहा तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश, रुहेलखंड और कुछ पूर्वांचली सीटों पर सपा और बसपा दोनों के लिए चुनौती खड़ी हो सकती है। मुस्लिम और दलित वोटों के बंटवारे से भाजपा को भी अप्रत्यक्ष फायदा पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि अगर दोनों पार्टियां सीट बंटवारे पर जल्द सहमति बना लेती हैं तो यूपी में तीसरा मोर्चा मजबूती से खड़ा हो सकता है।फिलहाल दोनों पार्टियां चुप्पी साधे हुए हैं, लेकिन पर्दे के पीछे की हलचल बता रही है कि संविधान दिवस से पहले यूपी की सियासत में एक नया अध्याय जुड़ने वाला है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें