NHAI के मास्टर प्लान से बिहार होगा बाढ़ मुक्त, सम्राट सरकार का खर्च नहीं होगा एक भी रुपया; गडकरी ने बताया कैसे?

सरिता त्रिपाठी
नई दिल्ली: बिहार को हर साल बाढ़ की समस्या से जूझना पड़ता है, जिससे राज्य को करीब 10,000 करोड़ रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ता है। इस समस्या से निपटने के लिए केंद्र और बिहार सरकार ने एक अनोखा और ऐतिहासिक मॉडल तैयार किया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में एनएचएआई (NHAI) और बिहार सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए हैं।
क्या है पूरा प्लान?
इस समझौते के तहत, बिहार की नदियों और जलाशयों में जमी गाद (सिल्ट) को वैज्ञानिक तरीके से निकालकर राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में इस्तेमाल किया जाएगा। गडकरी ने स्पष्ट किया कि नदियों से गाद निकालने का काम एनएचएआई अपनी जिम्मेदारी पर करेगा और इसके लिए बिहार सरकार को एक भी रुपया खर्च नहीं करना पड़ेगा। यह पहल "एक पंथ, दो काज" साबित होगी, क्योंकि इससे एक तरफ जहां नदियों की जल-वहन क्षमता बढ़ेगी और बाढ़ का खतरा कम होगा, वहीं दूसरी तरफ सड़क निर्माण के लिए सस्ता और मुफ्त कच्चा माल उपलब्ध हो जाएगा।
कितनी गाद का होगा इस्तेमाल?
एनएचएआई के मुताबिक, बिहार में फिलहाल 16 निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लिए करीब 243 लाख घन मीटर गाद की जरूरत है। वहीं, भविष्य में शुरू होने वाली 27 परियोजनाओं के लिए अनुमानित 835 लाख घन मीटर गाद का इस्तेमाल किया जाएगा। बिहार में कुल 39 चल रही परियोजनाएं हैं, जो करीब 1,561 किलोमीटर लंबी हैं और इन पर 58,340 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। इसके अलावा, 1,982 किलोमीटर लंबी 11 प्रस्तावित परियोजनाओं पर 1.85 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।
बिहार को क्या होंगे फायदे?
* बाढ़ से राहत: नदियों से गाद निकालने से पानी के बहाव और निकासी में सुधार होगा, जिससे बाढ़ की समस्या कम होगी।
* किसानों को बड़ा फायदा: सड़क निर्माण के लिए अब खेतों से उपजाऊ मिट्टी नहीं निकालनी पड़ेगी, जिससे कृषि भूमि बचेगी।
* लागत में कमी: निर्माण सामग्री मुफ्त में उपलब्ध होने से परियोजनाओं की लागत घटेगी और काम तेजी से पूरा होगा।
* जल निकायों का पुनरुद्धार: इससे जल स्रोतों का पुनरुद्धार होगा और पर्यावरण की भी रक्षा होगी।
क्या बोले नेता?
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बिहार की गाद नीति से दूसरे राज्यों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा, "नदियों की जो गाद बाढ़ का कारण बनती है, वही अब विकास की नींव बनेंगी।" वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कई नदियों में दस-दस मीटर तक गाद जमी है, जिससे जलप्रवाह बाधित हो रहा है। उन्होंने कहा, "अब नदी का गाद बिहार के लिए संजीवनी बनने वाला है। इससे बिहार खुशहाल होगा।"
यह समझौता बिहार सरकार द्वारा 17 सितंबर, 2026 को लागू की गई 'बिहार जल स्रोत पुनरुद्धार और गाद प्रबंधन नीति' के तहत किया गया है, जिसे लागू करने वाला बिहार देश का पहला राज्य है।
