JDU से निष्कासन के बाद अनंत सिंह को एक और झटका, पत्नी नीलम देवी को सरकारी आवास खाली करने का आदेश

राघवेंद्र प्रताप सिंह
पटना: बिहार की राजनीति में 'छोटे सरकार' के नाम से मशहूर मोकामा के विधायक अनंत सिंह और उनके परिवार की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। जनता दल यूनाइटेड (JDU) से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने के बाद अब बिहार सरकार ने अनंत सिंह की पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। राज्य सरकार ने नीलम देवी से राज्य मंत्री का दर्जा वापस लेते हुए उन्हें 25 नवंबर, 2026 तक सरकारी आवास खाली करने का आदेश दिया है।
राज्य मंत्री का दर्जा और समिति से हटाया गया
बिहार सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, नीलम देवी को राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। इस समिति में सदस्यता के आधार पर उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त था, जो अब समाप्त हो गया है। इसके साथ ही उन्हें मिलने वाली सभी सरकारी सुविधाएं भी वापस ले ली गई हैं।
1 मॉल रोड स्थित बंगला खाली करने का नोटिस
पद और सुविधाएं छीने जाने के कुछ ही घंटों बाद भवन निर्माण विभाग ने नीलम देवी को पटना के 1 मॉल रोड स्थित सरकारी बंगला (आवास संख्या-01) खाली करने का सख्त नोटिस जारी कर दिया है। विभाग द्वारा जारी पत्र के मुताबिक, सेवा की समाप्ति के उपरांत आवास पर कब्जा बनाए रखने की अनुमान्य अवधि केवल एक महीना है, इसलिए उन्हें 25 नवंबर, 2026 तक यह बंगला हर हाल में खाली करना होगा। फिलहाल इसी बंगले में अनंत सिंह और उनका पूरा परिवार रह रहा है।
कार्रवाई की पृष्ठभूमि
यह कार्रवाई जेडीयू के उस निर्णय के बाद हुई है, जिसमें पार्टी ने अनंत सिंह और नीलम देवी दोनों की प्राथमिक सदस्यता छह साल के लिए समाप्त कर दी थी। पार्टी के अनुसार, हालिया बिहार विधान परिषद चुनाव के दौरान दोनों नेताओं ने जेडीयू के आधिकारिक प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ जाकर 'जन सुराज' के उम्मीदवार अनुज सिंह का खुलकर प्रचार और समर्थन किया था। इसके अलावा अनंत सिंह पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का भी आरोप है।
विधायकी रद्द करने की सिफारिश
जेडीयू ने विधानसभा अध्यक्ष से अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता संविधान की 10वीं अनुसूची (दलबदल कानून) के तहत रद्द करने की भी औपचारिक सिफारिश की है। अनंत सिंह के लिए यह लगातार तीसरा बड़ा झटका है, क्योंकि पहले उन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया, फिर विधायकी रद्द करने की सिफारिश हुई और अब उनके परिवार को सरकारी आवास खाली करना पड़ रहा है।
