E100 फ्यूल वाली गाड़ियों के लिए रास्ता साफ, पेट्रोल के बिना चलेगी आपकी कार; सरकार ने जारी की अधिसूचना

अभिषेक सिंह
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने हरित ईंधन और प्रदूषण मुक्त परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 100 प्रतिशत एथनॉल (E100) और E85 ईंधन पर चलने वाले फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने 23 अक्टूबर, 2026 को केंद्रीय मोटर व्हीकल नियमों में संशोधन की अधिसूचना जारी कर दी है, जिससे ऐसी कारों के निर्माण और बिक्री का रास्ता साफ हो गया है।
क्या है E100 और फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक?
E100 एक ऐसा ईंधन है जिसमें मुख्य रूप से एथनॉल होता है। एथनॉल मुख्य रूप से गन्ना और मक्का जैसे पौधों से तैयार किया जाने वाला जैव ईंधन है। वहीं, फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक से लैस वाहन अलग-अलग अनुपात में एथनॉल और पेट्रोल के मिश्रण पर चलने के लिए डिज़ाइन किए जाते हैं। इन वाहनों में एक ही ईंधन टैंक का इस्तेमाल होता है, जिससे ड्राइवर की सुविधा बनी रहती है। यह तकनीक ब्राजील और अमेरिका जैसे देशों में पहले से ही बड़े पैमाने पर इस्तेमाल की जा रही है।
मौजूदा कारों पर क्या असर?
सरकार ने स्पष्ट किया है कि E85 और E100 ईंधन का इस्तेमाल केवल उन्हीं वाहनों में किया जा सकता है, जिन्हें विशेष रूप से इनके लिए डिज़ाइन और प्रमाणित किया गया है। सामान्य पेट्रोल या E20 ईंधन पर चलने वाली मौजूदा कारों में E100 या E85 नहीं भरा जा सकता। हालांकि, मौजूदा वाहन मालिकों को अपनी गाड़ियों में किसी तरह के बदलाव की जरूरत नहीं है। यह नियम सिर्फ नए फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों पर लागू होगा।
कंपनियां कर रही हैं तैयारी
मारुति सुजुकी ने 'वैगनआर E100' को देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार के रूप में पेश कर चुकी है। टोयोटा, हुंडई और एमजी जैसी कंपनियां भी जल्द ही अपने E100 मॉडल लॉन्च करने की तैयारी में हैं। हालांकि, शुरुआती तौर पर इन कारों की कीमत सामान्य कारों से कुछ अधिक हो सकती है।
देश को क्या होंगे फायदे?
* *लकच्चे तेल पर निर्भरता में कमी: भारत अपनी जरूरत का करीब 90% कच्चा तेल आयात करता है। E100 से विदेशी मुद्रा की बचत होगी और आयात पर निर्भरता घटेगी।
* प्रदूषण में कमी: एथनॉल का फॉसिल कार्बन फुटप्रिंट पेट्रोल की तुलना में काफी कम होता है, जिससे वायु प्रदूषण कम होगा।
* किसानों को फायदा: एथनॉल उत्पादन के लिए गन्ना और मक्का जैसी फसलों की मांग बढ़ेगी, जिससे किसानों की आय में इजाफा होगा।
सरकार का यह कदम देश को स्वच्छ ईंधन की ओर ले जाने और ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
