द इंडियन व्यू

CM योगी आज रात करेंगे छठ तैयारियों की समीक्षा: लखनऊ में 110 घाट तैयार, जीरो वेस्ट पर फोकस

Poonam Kumari
November 13, 2026
2 min read
CM योगी आज रात करेंगे छठ तैयारियों की समीक्षा: लखनऊ में 110 घाट तैयार, जीरो वेस्ट पर फोकस

राघवेंद्र प्रताप सिंह

छठ महापर्व को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह मुस्तैद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शुक्रवार रात 9 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए छठ पूजा की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। 5-कालिदास मार्ग स्थित सभाकक्ष से होने वाली इस बैठक में सभी जिलों के अधिकारी जुड़ेंगे। समीक्षा बैठक में घाटों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अहम निर्देश जारी हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, सीएम योगी अधिकारियों से जिलेवार तैयारियों का फीडबैक भी ले सकते हैं।

राजधानी लखनऊ में इस बार छठ को स्वच्छ, सुरक्षित और 'जीरो वेस्ट' पर्व बनाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। नगर निगम ने गोमती नदी के किनारे कुल 110 घाट तैयार किए हैं, जिनमें 47 प्रमुख और 63 छोटे घाट शामिल हैं। ये घाट शहर के सभी आठ जोनों में फैले हुए हैं। प्रमुख घाटों में जोन-1 के लक्ष्मण मेला घाट और लल्लूमल घाट, जोन-2 का लेटे हनुमान मंदिर घाट, जोन-3 के बैरल नंबर-2, सांझिया घाट और झूलेलाल घाट प्रमुख हैं। इसी तरह गोमती नगर विस्तार, स्कूटर इंडिया, गौरी बाजार, कुड़िया घाट, मेहंदी घाट, कुकरैल घाट और सैनिक स्कूल बोटिंग क्लब घाट पर भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

'जीरो वेस्ट' के तहत हर घाट पर 'अर्पण कलश' स्थापित किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु पूजा सामग्री को नदी में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थान पर एकत्र कर सकें। घाटों पर 'सफाई मित्र' तैनात किए गए हैं, जो पूजा के दौरान और बाद में भी कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी के टैंकर, मोबाइल टॉयलेट, डस्टबिन और हर घाट पर कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं। प्रमुख घाटों पर रंगाई-पुताई, झालर सजावट और प्रकाश व्यवस्था पूरी कर ली गई है।

सुरक्षा के लिहाज से घाटों पर भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। गोमती नदी में जल पुलिस, सिविल पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है, साथ ही घाटों पर फॉगिंग का इंतजाम भी किया गया है। चार दिवसीय छठ महापर्व 13 नवंबर को 'नहाय-खाय' से शुरू होकर 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 नवंबर को शाम 4 बजे लक्ष्मण मेला घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देकर महापर्व की शुरुआत करेंगे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें