AI तकनीक से टीबी पर प्रहार: KGMU में आई पोर्टेबल एक्स-रे मशीन, गांवों-बस्तियों में भी होगी जांच

सरिता त्रिपाठी
लखनऊ: टीबी (क्षय रोग) की जल्द पहचान और जांच को आसान बनाने के लिए केजीएमयू (KGMU) के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से लैस एक हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन स्थापित की गई है। यह मशीन उत्तर प्रदेश राज्य टीबी सेल की ओर से उपलब्ध कराई गई है, जिससे छाती का एक्स-रे महज एक मिनट में किया जा सकेगा।
एआई तकनीक से तेज और सटीक जांच
विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकान्त के मुताबिक, विभाग में आधुनिक डिजिटल एक्स-रे की सुविधा पहले से ही उपलब्ध है, लेकिन नई एआई-युक्त मशीन से जांच की प्रक्रिया और भी तेज हो जाएगी। इस मशीन से ली गई एक्स-रे की तस्वीर लगभग एक मिनट में मिल जाएगी। एआई तकनीक इस तस्वीर का विश्लेषण कर फेफड़ों में टीबी से जुड़े संभावित लक्षणों की पहचान में मदद करेगी। इससे संदिग्ध मरीजों की आगे की जांच और उपचार शुरू करने में काफी मदद मिलेगी।
गांवों और मलिन बस्तियों में होगी जांच
इस पोर्टेबल मशीन का इस्तेमाल सिर्फ अस्पताल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों और मलिन बस्तियों में आयोजित होने वाले निःशुल्क स्वास्थ्य एवं टीबी जांच शिविरों में भी किया जाएगा। इससे उन दूर-दराज के इलाकों में भी टीबी की जांच हो सकेगी, जहां स्वास्थ्य सुविधाएं कम हैं।
गंभीर मरीजों को मिलेगी राहत
इस हैंडहेल्ड मशीन का सबसे बड़ा फायदा उन गंभीर मरीजों को मिलेगा, जो चलने-फिरने में असमर्थ हैं। अब उन्हें एक्स-रे के लिए अलग से एक्स-रे सेंटर ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस मशीन से बेड पर ही मरीज का एक्स-रे किया जा सकेगा। इसके अलावा, जांच के बाद एक्स-रे की रिपोर्ट या तस्वीर को व्हाट्सएप के जरिए मरीज या उनके तीमारदार के साथ भी साझा किया जा सकेगा।
टीबी मुक्त भारत अभियान में मिलेगी मदद
यह मशीन प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सामुदायिक स्तर पर भी इस्तेमाल की जाएगी। लखनऊ और आसपास के ग्रामीण, पिछड़े तथा मलिन बस्ती वाले क्षेत्रों में इसका अधिक से अधिक उपयोग किया जाएगा, ताकि टीबी के मामलों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके और मरीजों का समय पर इलाज शुरू हो सके।
यह पहल न केवल टीबी की जांच में तेजी लाएगी, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों के घर के करीब पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
