द इंडियन व्यू

ऋचा सिंह की पुस्तक ‘लोकमाता अहिल्याबाई होलकर’ का हुआ लोकार्पण

Poonam Kumari
November 22, 2026
2 min read
ऋचा सिंह की पुस्तक ‘लोकमाता अहिल्याबाई होलकर’ का हुआ लोकार्पण

लखनऊ । लखनऊ में साहित्य संस्कृति फाउंडेशन, नई दिल्ली एवं अंतरराष्ट्रीय बौद्ध अध्ययन संस्थान, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘संस्कृति संवाद 2026’ में लेखिका ऋचा सिंह की पुस्तक ‘लोकमाता अहिल्याबाई होलकर’ का लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर लेखिका ऋचा सिंह ने पुस्तक के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि यह कृति लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के प्रेरणादायी जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व का परिचय प्रस्तुत करती है। पुस्तक में उनके प्रारंभिक जीवन, विवाह, परिवार और माहेश्वरी महल से जुड़े प्रसंगों के साथ उनके विशिष्ट गुणों, विचारधारा, न्यायप्रियता एवं लोककल्याणकारी दृष्टिकोण का विस्तार से वर्णन किया गया है।

उन्होंने बताया कि पुस्तक में अहिल्याबाई होलकर के सुशासन, समाजकल्याण, लोकहितकारी योगदान और होलकर शासन की गौरवशाली परंपरा को रेखांकित किया गया है। गया के विष्णुपद मंदिर के पुनरुद्धार, वाराणसी के अहिल्याबाई घाट सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण में उनके योगदान के माध्यम से उनकी दूरदर्शिता और सांस्कृतिक चेतना को प्रस्तुत किया गया है। यह पुस्तक उन्हें न्यायप्रिय शासिका, युगांतरकारी व्यक्तित्व और आधुनिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित करती है।

कार्यक्रम में पूज्य संत प्रदीप भैया जी महाराज, मध्य प्रदेश के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी मनोज श्रीवास्तव, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. चंदन चौबे, लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रो. सौरभ मालवीय सहित अनेक विद्वान, साहित्यकार एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें