स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना: CM योगी ने 50 हजार छात्रों को बांटे टैबलेट, बोले—यूपी ‘माफिया राज’ से निकलकर ‘कानून के राज’ की ओर बढ़ा; 9.5 लाख सरकारी नौकरियों का दावा

राघवेंद्र प्रताप सिंह
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना’ के तहत एक बड़े अभियान की शुरुआत की। इस चरण में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के करीब 300 शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। यह योजना युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिसके तहत राज्य सरकार कुल 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरित करने जा रही है।
इस पहल के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में 2,374.60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना के इस चरण के पूरा होने के बाद टैबलेट और स्मार्टफोन पाने वाले विद्यार्थियों की कुल संख्या लगभग 85 लाख हो जाएगी। वर्ष 2021 में शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक करीब 60 लाख विद्यार्थियों को डिजिटल उपकरण दिए जा चुके हैं। इस योजना में उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जुड़े विद्यार्थी शामिल हैं। टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पाठ्यक्रम, डिजिटल लाइब्रेरी, ई-बुक्स, वीडियो लेक्चर और वर्चुअल लैब जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश सबसे युवा है और उत्तर प्रदेश सबसे युवा प्रदेश है। उन्होंने कहा, “युवा मतलब शक्ति। आप सबमें बजरंग बली की ताकत है।” इस मौके पर सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ‘माफिया राज’ से निकलकर ‘कानून के राज’ की ओर बढ़ चुका है, जिससे निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं और जल्द ही एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे।
सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर युवाओं को जातिवाद में उलझाने का आरोप भी लगाया और कहा कि उनकी सरकार युवाओं को संसाधन और अवसर दोनों दे रही है, ताकि कोई भी प्रतिभा साधनों के अभाव में पीछे न छूटे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे।
