द इंडियन व्यू

सुप्रीम कोर्ट के सवालों के बाद चुनाव आयोग का बड़ा फैसला, दिल्ली-हरियाणा समेत 6 राज्यों में SIR की तारीखें बढ़ीं; दिल्ली में 22 दिसंबर को आएगी अंतिम सूची

Poonam Kumari
October 30, 2026
3 min read
सुप्रीम कोर्ट के सवालों के बाद चुनाव आयोग का बड़ा फैसला, दिल्ली-हरियाणा समेत 6 राज्यों में SIR की तारीखें बढ़ीं; दिल्ली में 22 दिसंबर को आएगी अंतिम सूची

विवेक ओझा

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट द्वारा SIR प्रक्रिया में जल्दबाजी पर सवाल उठाए जाने के बाद निर्वाचन आयोग (ECI) ने गुरुवार (29 अक्टूबर, 2026) को बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने महाराष्ट्र, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना और नागालैंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के कार्यक्रम में संशोधन करते हुए दावे और आपत्तियां दाखिल करने तथा अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने की समयसीमा बढ़ा दी है।

सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी

यह बदलाव ऐसे समय में किया गया है जब 28 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में SIR को लेकर सुनवाई हुई थी। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की बेंच ने सख्त रुख अपनाते हुए सवाल किया था कि जब दिल्ली में फिलहाल कोई चुनाव नजदीक नहीं है, तो इतनी जल्दी क्यों की जा रही है। कोर्ट ने कहा था कि किसी सख्त समयसीमा से बंधे बिना प्रक्रिया जारी रखी जाए और जिन लोगों के पते बदले हैं या जो गणना फॉर्म नहीं भर पाए हैं, उन्हें पूर्ण विवरण देकर फॉर्म 8 भरने की अनुमति दी जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया था कि किसी को फॉर्म 6 भरने के लिए मजबूर न किया जाए।

दिल्ली में नाम हटने का बड़ा आंकड़ा

सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि दिल्ली में SIR प्रक्रिया के दौरान करीब 47 लाख 50 हजार नाम हटाए गए हैं, जिनमें से 43 लाख लोगों को दिल्ली में ही किसी दूसरी जगह रहने वाला दिखाया गया है। कोर्ट ने पूछा था कि इनमें से कितने लोगों की मौत हो चुकी है और कितने वास्तव में दूसरी जगह चले गए हैं, इसका सटीक डेटा कहां है।

किन राज्यों में क्या होंगी नई तारीखें?

आयोग ने संबंधित राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के अनुरोध पर यह बदलाव किया है और सभी राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों को अलग-अलग पत्र लिखकर सूचित किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार:

* दिल्ली: दावे और आपत्तियां अब 30 अक्टूबर के बजाय 25 नवंबर तक दाखिल की जा सकेंगी। दावों के निपटारे की समयसीमा 15 दिसंबर और अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी।

* महाराष्ट्र: दावे और आपत्तियां दाखिल करने की समयसीमा 26 अक्टूबर से बढ़ाकर 13 नवंबर कर दी गई है। नोटिस जारी करने और दावों के निपटारे की प्रक्रिया 25 नवंबर तक चलेगी और अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को जारी होगी।

* आंध्र प्रदेश और हरियाणा: नोटिस और निपटारे की अवधि अब 20 नवंबर को समाप्त होगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी।

* तेलंगाना और नागालैंड: दावों के निपटारे की प्रक्रिया 25-26 नवंबर तक चलेगी और अंतिम सूची 30 नवंबर को जारी होगी।

आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक मतदाता इस प्रक्रिया में भाग ले सकें और अपने नाम सूची में शामिल करा सकें।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें