'सिर्फ राजनीतिक दिखावा, भारत से नहीं आएंगी'; शेख हसीना की वापसी के दावों को बांग्लादेश ने किया खारिज

विवेक ओझा
ढाका: बांग्लादेश सरकार ने सोमवार को स्पष्ट कर दिया है कि अपदस्थ पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का भारत से देश लौटने का कोई इरादा नहीं है। सरकार ने उनकी हालिया गतिविधियों और नए पासपोर्ट की मांग को महज 'राजनीतिक दिखावा' करार दिया है। यह बयान ऐसे समय आया है जब हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई थी और इसके लिए नए यात्रा दस्तावेजों की मांग की थी।
मुख्य अभियोजक ने कहा- 'सिर्फ दिखावा'
बांग्लादेश के मुख्य अभियोजक मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मीडिया में आ रही उनकी हालिया गतिविधियां सिर्फ राजनीतिक दिखावा हैं। वह बांग्लादेश लौटने के लिए जरूरी कानूनी कदम नहीं उठा रही हैं।" उन्होंने स्पष्ट किया कि हसीना ने वापसी या आत्मसमर्पण के लिए कोई औपचारिक कानूनी या प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू नहीं की है। नए पासपोर्ट के लिए आवेदन की खबरों पर उन्होंने कहा, "फिलहाल हमारा कहना है कि वह वापस नहीं लौटेंगी और ये गतिविधियां सिर्फ राजनीतिक दिखावा हैं।"
हसीना ने मांगा नया पासपोर्ट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेख हसीना ने दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) जारी करने का अनुरोध किया है। उनके वकीलों ने तर्क दिया है कि अंतरिम सरकार द्वारा उनके मौजूदा दस्तावेज रद्द किए जाने के बाद यह कदम जरूरी हो गया है। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने साफ कर दिया है कि उन्हें कोई नया यात्रा दस्तावेज या पासपोर्ट जारी नहीं किया जाएगा।
'भगोड़ा आतंकवादी' करार दिया
बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने पिछले हफ्ते हसीना को 'भगोड़ा आतंकवादी' और 'तानाशाह' बताते हुए उन्हें कोई भी यात्रा दस्तावेज जारी करने से स्पष्ट इनकार कर दिया था। बता दें कि अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद अवामी लीग सरकार गिरने के बाद से शेख हसीना भारत में रह रही हैं। 2024 में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसक कार्रवाई के मामले में एक विशेष न्यायाधिकरण ने उन्हें उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई है।
प्रत्यर्पण पर भारत का रुख
बांग्लादेश सरकार लगातार भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। भारत के विदेश मंत्रालय ने प्रत्यर्पण का अनुरोध मिलने की पुष्टि की है, लेकिन अभी तक इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इन अनुरोधों की स्थापित प्रक्रियाओं के तहत जांच की जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि हसीना की वापसी की अटकलों से बांग्लादेश की राजनीति में फिर से तनाव पैदा हो सकता है, क्योंकि उनकी पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा हुआ है। ऐसे में सरकार का यह सख्त रुख उसकी राजनीतिक स्थिति को मजबूत करने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
