विदेश से तलाक लेकर दूसरी शादी करने वालों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- भारतीय कानून में यह मान्य नहीं

विवेक ओझा
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने वैवाहिक विवादों और विदेशी अदालतों से लिए जाने वाले तलाक के मामलों पर एक बेहद अहम और दूरगामी फैसला सुनाया है। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया है कि अगर शादी भारत में हुई है, तो विदेश के उदार कानूनों का सहारा लेकर वहां की अदालत से तलाक लेने मात्र से भारतीय कानून के तहत शादी खत्म नहीं हो जाती। अदालत ने चेतावनी दी है कि ऐसे तलाक के आधार पर अगर कोई व्यक्ति दूसरी शादी करता है, तो उस पर बिगैमी (पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने) का आपराधिक मुकदमा चल सकता है।
नागरिकता बदलने पर भी खत्म नहीं होंगे दायित्व
सुप्रीम कोर्ट ने इस प्रवृत्ति पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि कई पुरुष अपनी पत्नियों की असहमति के बाद भी शादी के पूरी तरह टूट जाने का हवाला देकर विदेशी अदालतों से तलाक ले लेते हैं और फिर दूसरी शादी कर लेते हैं। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि भले ही पति या पत्नी बाद में किसी दूसरे देश की नागरिकता हासिल कर लें, लेकिन भारत में हुई पहली शादी से जुड़े कानूनी परिणामों और जिम्मेदारियों को खत्म नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने कहा कि यदि विदेशी तलाक भारतीय कानून की कसौटी पर खरा नहीं उतरता, तो भारतीय कानून के तहत पहली शादी अब भी कायम मानी जाएगी।
'शादी का पूरी तरह टूट जाना' तलाक का वैध आधार नहीं
बेंच ने स्पष्ट किया कि भारत के मौजूदा वैवाहिक कानूनों के तहत 'शादी का पूरी तरह टूट जाना' (Irretrievable Breakdown of Marriage) तलाक का कोई वैधानिक आधार नहीं है। ऐसे में इस आधार पर विदेशी अदालत द्वारा दिया गया तलाक भारत में मान्य नहीं हो सकता। सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने कहा, "हमारी राय में विदेशी अदालत का यह तलाकनामा भारत के मौजूदा वैवाहिक कानूनों के खिलाफ है और ऐसे आधार पर दिया गया है जिसे कानून में कोई मान्यता ही नहीं है। यह सीपीसी (CPC) की धारा 13 के कानूनी मानकों का उल्लंघन है, जिसे किसी भी विदेशी फैसले को पास करना जरूरी होता है।"
भारतीय न्याय व्यवस्था में बढ़ेगा भरोसा
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब कई मामलों में देखा गया है कि विदेश में बसे भारतीय मूल के लोग विदेशी अदालतों से तलाक लेकर भारत में दूसरी शादी कर लेते हैं, जिससे पहली पत्नी और बच्चों को कानूनी संरक्षण नहीं मिल पाता। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से भारतीय न्याय व्यवस्था और विवाह संस्था में लोगों का भरोसा और मजबूत होगा। यह फैसला स्पष्ट करता है कि विदेशी अदालतों के फैसले तभी मान्य होंगे जब वे भारतीय कानून और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप हों।
