द इंडियन व्यू

लखनऊ में कैश कैरियरों की रेकी कर पांच महीनों में चार करोड़ों की लूट, मास्टरमाइंड समेत छह गिरफ्तार

Poonam Kumari
November 11, 2026
3 min read
लखनऊ में कैश कैरियरों की रेकी कर पांच महीनों में चार करोड़ों की लूट, मास्टरमाइंड समेत छह गिरफ्तार

अभिषेक सिंह

लखनऊ: राजधानी में कैश कैरियरों को निशाना बनाकर पांच महीनों में करोड़ों रुपये की लूट को अंजाम देने वाले एक बड़े गिरोह का एसटीएफ (STF) ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में गिरोह के मास्टरमाइंड समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से 48 लाख से अधिक की नकदी और हथियार बरामद हुए हैं।

एसटीएफ ने ऐसे किया पर्दाफाश

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के मुताबिक, गिरोह के सदस्य कृषि उत्पाद और मसाला कारोबारियों के कैश कैरियरों की गतिविधियों पर नजर रखते थे। शहर के अलावा दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाली नकदी की जानकारी जुटाई जाती थी, जिसके बाद वारदात का रास्ता और समय तय किया जाता था। गिरोह के सदस्य बिना नंबर की कार से कैश कैरियरों का पीछा करते और मौका मिलते ही टक्कर मारकर उन्हें गिरा देते थे। विरोध करने पर असलहा तानकर और लोहे की राड से हमला कर नकदी लूट लेते थे।

पांच महीनों में चार बड़ी वारदातें

गिरोह ने पांच महीनों के भीतर गोमतीनगर, विभूतिखंड और आशियाना में चार बड़ी लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था:

* 2 मई: विभूतिखंड के विराजखंड में व्यापारी भाविक परमार और उनके कर्मचारी परेश एस बराड से 22 लाख रुपये लूटे गए थे।

* 3 जुलाई: गोमतीनगर के विराटखंड में पटेल मितेश और पटेल जैमिन की स्कूटी में कार से टक्कर मारकर 45 लाख रुपये लूटे गए थे।

* 3 सितंबर: मेयो अस्पताल के पास कैश कैरियर अमृत लाल पाल से 80 लाख रुपये लूटे गए थे।

* 24 अक्टूबर: आशियाना के सेक्टर-जी में गुजरात के कारोबारी के कैश कलेक्शन एजेंट प्रग्नेश से 60 लाख रुपये का बैग झपट लिया गया था।

गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी

एसटीएफ ने रविवार दोपहर करीब दो बजे गोमतीनगर स्थित सहारा पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में शहर में हुई चार लूट की घटनाओं का राजफाश हुआ। गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश चंद्र यादव उर्फ छोटू (मास्टरमाइंड), सौरभ यादव, अमन उर्फ रमन यादव, सौरभ दीक्षित, मोहित कनौजिया और ज्ञान सिंह शामिल हैं। इनके पास से 48 लाख 4500 रुपये नकद, एक पिस्टल, मैगजीन, दो कारतूस, मारुति बलेनो कार, बाइक और सात मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इसके अलावा पीड़ित का ड्राइविंग लाइसेंस, पहचानपत्र, पैन कार्ड और निर्वाचन कार्ड भी बरामद हुआ है। एसटीएफ के मुताबिक, इन वारदातों में दिनेश यादव और सौरभ यादव की प्रमुख भूमिका थी, जबकि मोहित कनौजिया ने एक घटना में रेकी की थी। गिरोह के कुछ अन्य सदस्य पहले भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें