योगी सरकार 49 संकेतकों के आधार पर कर रही महिला सशक्तीकरण की योजनाओं का जिलावार आकलन

राघवेंद्र प्रताप सिंह
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और सरकारी योजनाओं में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार एक अनोखी पहल कर रही है। राज्य के नियोजन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 'वूमेन इकोनॉमिक एंपावरमेंट इंडेक्स 2.0' तैयार किया है। इस इंडेक्स के जरिए महिलाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का आंकड़ों के आधार पर जिला स्तर पर आकलन किया जा रहा है।
49 संकेतक और 15 विभागों से जुटाया जा रहा डेटा
इंडेक्स को तैयार करने के लिए 15 विभागों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर कुल 49 संकेतक निर्धारित किए गए हैं। इसका मकसद सिर्फ योजनाओं के क्रियान्वयन का आंकड़ा जुटाना नहीं, बल्कि यह देखना भी है कि उनका लाभ महिलाओं तक किस स्तर तक पहुंच रहा है। इंडेक्स में महिलाओं से जुड़ी पांच प्रमुख श्रेणियों को अलग-अलग भारांक (वेटेज) दिया गया है:
* शिक्षा एवं कौशल विकास: 22.4%
* उद्यमिता: 22.1%
* रोजगार: 21.9%
* आजीविका: 17.4%
* आवागमन, सुरक्षा एवं समावेशी बुनियादी ढांचा: 16.1%
30 प्रतिशत भागीदारी का लक्ष्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 8 जुलाई 2025 को वूमेन इकोनॉमिक एंपावरमेंट इंडेक्स के पहले संस्करण की समीक्षा के दौरान सभी विभागीय योजनाओं में महिलाओं की 30 प्रतिशत भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए थे। साथ ही, सबसे कम प्रदर्शन वाले पांच जिलों पर विशेष अभियान चलाने और सभी विभागों को जेंडर एक्शन प्लान तैयार कर लागू करने को कहा गया था।
चैंपियन जिलों की सूची
इंडेक्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले जिलों को 'चैंपियन' श्रेणी में रखा गया है। इन जिलों में लखनऊ, कानपुर नगर, वाराणसी, झांसी, सुल्तानपुर, गौतम बुद्ध नगर, प्रयागराज, अयोध्या, सोनभद्र, रायबरेली, गोरखपुर, देवरिया, अंबेडकर नगर, आगरा और गाजियाबाद शामिल हैं। इन जिलों ने सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और मजबूत संस्थागत सहयोग के कारण बेहतरीन परिणाम दिखाए हैं।
योजनाओं का असर
इंडेक्स के अनुसार, महिलाओं की उद्यमिता में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और अधिक से अधिक महिलाएं पारंपरिक भूमिकाओं से आगे बढ़कर स्वरोजगार और नेतृत्व अपना रही हैं। 'मिशन शक्ति' जैसे अभियानों ने महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता को मजबूत किया है, जबकि सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं को ड्राइवर और कंडक्टर के रूप में भर्ती करने की योजनाओं ने उनकी गतिशीलता और आर्थिक स्वतंत्रता को बढ़ाया है।
