द इंडियन व्यू

योगी सरकार की ओटीएस योजना से करदाताओं को 10.31 करोड़ की ब्याज छूट, 24,920 आवेदन मिले; नगर निगम को 24.82 करोड़ का राजस्व

Poonam Kumari
November 18, 2026
3 min read
योगी सरकार की ओटीएस योजना से करदाताओं को 10.31 करोड़ की ब्याज छूट, 24,920 आवेदन मिले; नगर निगम को 24.82 करोड़ का राजस्व

राघवेंद्र प्रताप सिंह

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से आम नागरिकों को राहत देने और नगरीय निकायों की राजस्व व्यवस्था मजबूत करने के प्रयासों के तहत लखनऊ नगर निगम की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को शानदार प्रतिसाद मिला है। 15 अगस्त से 14 नवंबर 2026 तक संचालित इस योजना में कुल 24,920 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 10,640 करदाताओं ने योजना के तहत धनराशि जमा कराई।

करदाताओं को बड़ी राहत

इस योजना से नगर निगम को कुल 24 करोड़ 82 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि करदाताओं को 10 करोड़ 31 लाख रुपये के ब्याज में छूट का सीधा लाभ मिला। यह योजना उन करदाताओं के लिए विशेष रूप से फायदेमंद साबित हुई, जिन पर लंबे समय से गृहकर या अन्य नगर निगम करों का बकाया था।

अंतिम दिन भी दिखा उत्साह

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय ने बताया कि योजना के अंतिम दिन 14 नवंबर को भी बड़ी संख्या में करदाताओं ने आवेदन किया। एक दिन में कुल 1,144 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 431 आवेदन स्वीकृत किए गए, 699 आवेदन प्रक्रिया में हैं, जबकि 14 आवेदन निरस्त किए गए। अंतिम दिन 210 करदाताओं ने भुगतान किया, जिससे नगर निगम को 35 लाख 63 हजार रुपये की धनराशि प्राप्त हुई।

249 आवेदन हुए निरस्त

उन्होंने बताया कि योजना की पूरी अवधि में प्राप्त कुल 24,920 आवेदनों में से 249 आवेदन निरस्त किए गए हैं। वहीं, जिन करदाताओं ने निर्धारित अवधि में आवेदन कर दिया है और उनके आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन किसी कारणवश अभी तक भुगतान नहीं किया है, उन्हें 15 दिसंबर 2026 तक धनराशि जमा करने का अवसर मिलेगा। हालांकि, निरस्त आवेदनों पर यह सुविधा लागू नहीं होगी।

क्या है ओटीएस योजना?

एकमुश्त समाधान योजना (OTS) के तहत, करदाता अपने बकाया मूल कर का भुगतान एकमुश्त रूप से कर सकते हैं, जिसके बदले में उन्हें अर्जित ब्याज और जुर्माने में छूट का लाभ मिलता है। यह योजना उन लोगों के लिए राहत भरी है, जो लंबे समय से बकाया के कारण परेशान थे और एकमुश्त भुगतान कर अपना बकाया खत्म करना चाहते थे।

व्यापक स्तर पर चल रही है योजना

गौरतलब है कि योगी सरकार ने केवल नगर निगम स्तर पर ही नहीं, बल्कि विकास प्राधिकरणों और आवास विकास परिषद की लंबित संपत्तियों के मामलों में भी ओटीएस-2026 योजना लागू की है। इसका उद्देश्य पुराने विवादों और लंबित मामलों का त्वरित, पारदर्शी और व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि आम नागरिकों को राहत मिलने के साथ-साथ सरकारी विभागों को राजस्व भी प्राप्त हो सके।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें