योगी सरकार का विकसित भारत-2047 पर फोकस: स्वच्छ और किफायती ऊर्जा व्यवस्था पर जोर, ग्रिड आधुनिकीकरण और निवेश पर चर्चा

सरिता त्रिपाठी
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए स्वच्छ, सतत और किफायती ऊर्जा व्यवस्था विकसित करने पर जोर दे रही है। इसी दिशा में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ORF) की ओर से आयोजित 'पॉवरिंग विकसित भारत 2047: सबनेशनल पाथवे फॉर इंडिया एनर्जी ट्रांजिशन' विषयक वर्चुअल बैठक में प्रतिभाग किया।
बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई?
इस बैठक में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार, विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति, बिजली ग्रिड के आधुनिकीकरण और ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए राज्यों की भूमिका और स्थानीय स्तर पर प्रभावी नीतियां तैयार करने के महत्व पर भी जोर दिया गया।
मंत्री एके शर्मा का बयान
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने में ऊर्जा क्षेत्र की अहम भूमिका है। प्रदेश सरकार नागरिकों को विश्वसनीय और किफायती बिजली उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सौर ऊर्जा का विस्तार, आधुनिक तकनीक का उपयोग और विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाना आवश्यक है।
ऊर्जा संक्रमण के लिए समन्वय जरूरी
मंत्री ने कहा कि ऊर्जा संसाधनों का बेहतर उपयोग तथा ऊर्जा क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहन देकर प्रदेश में एक सक्षम और आधुनिक ऊर्जा व्यवस्था विकसित की जा सकती है। ऊर्जा संक्रमण को प्रभावी बनाने के लिए राज्यों के बीच समन्वय, अनुभवों का आदान-प्रदान और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नीतियां तैयार करना महत्वपूर्ण है। बैठक का उद्देश्य राज्यों के अनुभवों को साझा करते हुए विकसित भारत-2047 के लिए एक व्यावहारिक ऊर्जा संक्रमण रोडमैप तैयार करना था, जिसमें वहनीय, विश्वसनीय और स्वच्छ बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
