योगी सरकार का युवाओं और किसानों को बड़ा तोहफा, लखनऊ में 1146 जूनियर असिस्टेंटों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र; किसानों को मिलेंगे 215 करोड़

राघवेंद्र प्रताप सिंह
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को रोजगार देने और किसानों को आर्थिक सहायता पहुंचाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार (11 नवंबर, 2026) को लखनऊ में एक बड़े कार्यक्रम के दौरान 1,146 कनिष्ठ सहायकों (जूनियर असिस्टेंट) को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इसके अलावा, मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थी परिवारों को 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम की मुख्य बातें
यह भव्य कार्यक्रम लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा राजस्व विभाग के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से चयनित इन 1,146 अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
किसानों को भी मिलेगी बड़ी सौगात
युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ योगी सरकार अन्नदाताओं की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा को भी सुदृढ़ कर रही है। इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान 'मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना' के अंतर्गत 4,300 लाभार्थी परिवारों को 215 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राशि वितरित की जाएगी।
कौन-कौन रहेंगे मौजूद?
इस अहम कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह उर्फ दिलेर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम राज्य सरकार की युवाओं और किसानों के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।
