‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे: CM ने लॉन्च की कॉफी टेबल बुक, 1090 परिसर में सात दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन; बोले—25 करोड़ प्रदेशवासी मेरा परिवार

राघवेंद्र प्रताप सिंह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से जनता को लिखी जाने वाली ‘योगी की पाती’ ने सोमवार को 50 सप्ताह का सफर पूरा कर लिया। इस मौके पर सीएम योगी ने अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक भावुक कार्यक्रम में ‘योगी की पाती’ पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया और वीमेन पॉवर लाइन (1090) परिसर में सात दिवसीय विशेष प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 25 करोड़ प्रदेशवासी उनका परिवार हैं और यह पाती उसी परिवार से संवाद का माध्यम है।
‘योगी की पाती’ को सत्ता और जनता के बीच आत्मीय संवाद का नया माध्यम बताया जा रहा है। इसमें किसान, नौजवान, महिलाएं, आस्था, विकास, सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे जनजीवन से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी गई है। कॉफी टेबल बुक में इस पूरे 50 सप्ताह के सफर को क्रमबद्ध तरीके से संजोया गया है। साथ ही 1090 परिसर में लगी प्रदर्शनी में पाती के जरिए जनता तक पहुंचाए गए संदेशों, विचारों और जनसरोकारों को चित्रों और रचनात्मक माध्यमों से प्रदर्शित किया गया है।
सात दिवसीय इस आयोजन की खास बात यह है कि हर दिन की सांस्कृतिक संध्या पाती की एक विशेष थीम को समर्पित रहेगी। सोमवार को ‘मिट्टी की पाती’ में किसान, खेती और गोवंश के संरक्षण पर फोकस रहा। मंगलवार को ‘बेटी की पाती’ महिला सुरक्षा और बेटियों की आकांक्षाओं को स्वर देगी, जबकि बुधवार की ‘नौजवान की पाती’ रोजगार, कौशल और युवाओं के सपनों पर केंद्रित होगी। गुरुवार को ‘आस्था की पाती’ में अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और नैमिषारण्य की आध्यात्मिक विरासत की झलक दिखेगी।
इस अवसर पर सीएम योगी ने ‘योगी की पाती’ को लोकतंत्र में संवाद की नई परंपरा बताते हुए कहा कि सरकार की नीतियां और उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने का यह एक सशक्त जरिया बना है। उन्होंने कहा कि पाती के जरिए जो संवाद हुआ है, वह सिर्फ सूचना का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कलाकार और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
