द इंडियन व्यू

यूपी में पशुपालन भर्ती घोटाले में ED ने शुरू की जांच, पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह समेत 12 से अधिक लोगों को भेजा नोटिस

Poonam Kumari
November 12, 2026
3 min read
यूपी में पशुपालन भर्ती घोटाले में ED ने शुरू की जांच, पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह समेत 12 से अधिक लोगों को भेजा नोटिस

राघवेंद्र प्रताप सिंह

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती घोटाले में अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी जांच शुरू कर दी है। ईडी ने इस मामले में पूर्व पशुधन मंत्री राजकिशोर सिंह समेत एक दर्जन से अधिक लोगों को नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। यह जांच वर्ष 2014 में 1,198 पदों पर हुई भर्ती में कथित अनियमितताओं और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन को लेकर की जा रही है।

ED की जांच का दायरा

ईडी की लखनऊ टीम ने इस मामले की जांच के लिए आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) से जांच से जुड़े दस्तावेज और आरोप पत्र मांगे थे। कागजात मिलने के बाद ईडी ने पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह और अन्य आरोपियों को नोटिस जारी किया है। एजेंसी की जांच का दायरा सिर्फ भर्ती प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पता लगाया जा रहा है कि भर्ती में अनियमितताओं के जरिए किसे और किस स्तर पर आर्थिक लाभ पहुंचाया गया। साथ ही, कथित भ्रष्टाचार से अर्जित धन के निवेश और संपत्तियों के निर्माण की कड़ियों की भी जांच की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला वर्ष 2013-14 का है, जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे। तत्कालीन पशुधन मंत्री राजकिशोर सिंह के कार्यकाल में 17 मंडलों में 1,198 पशुधन प्रसार अधिकारियों की भर्ती हुई थी। परीक्षा 2 फरवरी, 2014 को आयोजित की गई थी। आरोप है कि इस भर्ती प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की गई, ओएमआर शीट के मूल्यांकन में गड़बड़ी की गई और चयन प्रक्रिया में अनियमितताएं बरती गईं।

आर्थिक अनियमितताओं की जांच

ईडी अब इस घोटाले में आर्थिक अनियमितताओं और अभ्यर्थियों से कथित तौर पर की गई वसूली की भी जांच करेगी। सूत्रों के मुताबिक, भर्ती प्रक्रिया में शामिल 28 आरोपितों की भूमिका जांच के दायरे में है। ईडी जल्द ही धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत मामला दर्ज कर सकती है, जिसके बाद पूर्व मंत्री समेत अन्य आरोपितों से पूछताछ की जाएगी।

EOW ने पहले ही की है बड़ी कार्रवाई

इस मामले की जांच ईओडब्ल्यू पहले से कर रहा है। ईओडब्ल्यू ने बीते अक्टूबर में तत्कालीन प्रमुख सचिव रहे सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी योगेश कुमार को गोमती नगर से गिरफ्तार किया था। जांच में पाया गया था कि भर्ती नियमों को दरकिनार करते हुए ओएमआर शीट का मूल्यांकन एक ही जगह किया गया, जिससे अंकों में हेराफेरी की संभावना बनी। इसके अलावा, जिला और मंडल स्तर की चयन समितियों की शक्तियां भी वापस ले ली गई थीं।

राजनीतिक समीकरण और अभियोजन स्वीकृति

राजकिशोर सिंह 2016 में मंत्री पद से हटाए गए थे और 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे। ऐसे में सपा सरकार के कार्यकाल का यह घोटाला अब भाजपा के लिए भी मुसीबत बनता दिख रहा है। ईओडब्ल्यू ने 2022 में पूर्व मंत्री और प्रमुख सचिव दोनों के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति के लिए सरकार को पत्र लिखा था। योगेश कुमार के लिए स्वीकृति मिल गई, लेकिन पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह के मामले में अभियोजन स्वीकृति की फाइल अभी शासन स्तर पर लंबित बताई जा रही है।

यह मामला अब सिर्फ भर्ती घोटाले तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का नया मोर्चा खोल दिया है। ईडी की जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें