यूपीसीए ने शुरू की अंपायर और स्कोरर कार्यशाला, 35 जिलों के 133 प्रतिभागी शामिल
कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से गुरुवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम स्थित नवनिर्मित प्लेयर्स पवेलियन में प्रदेश स्तरीय अंपायर एवं स्कोरर कार्यशाला (पुरुष एवं महिला वर्ग) का शुभारंभ किया गया। तीन वर्ष…
कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से गुरुवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम स्थित नवनिर्मित प्लेयर्स पवेलियन में प्रदेश स्तरीय अंपायर एवं स्कोरर कार्यशाला (पुरुष एवं महिला वर्ग) का शुभारंभ किया गया।
तीन वर्ष बाद आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश के 35 जिलों से आए 96 अंपायर और 37 स्कोरर भाग ले रहे हैं। लिखित परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सितंबर में होने वाली प्रायोगिक, मौखिक और विजुअल परीक्षा के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
कार्यशाला का उद्घाटन यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत यूपीसीए अंपायर समिति के चेयरमैन मनोज पुंडीर के स्वागत संबोधन से हुई।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी ने प्रतिभागियों को अंपायरिंग के तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए खेल के नियमों और निर्णय क्षमता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यशाला के उद्देश्य और उपयोगिता से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया। कार्यशाला में सात महिला अंपायर और दो महिला स्कोरर भी हिस्सा ले रही हैं।
इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के वरिष्ठ एजुकेटर (स्कोरिंग) पी. जयपाल ने स्कोरर की भूमिका और आधुनिक स्कोरिंग प्रणाली पर विस्तार से जानकारी दी।
यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने कार्यशाला की सफलता की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश में क्रिकेट के विकास के लिए प्रशिक्षित अंपायरों और स्कोररों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, निदेशक रियासत अली, अंपायर कमेटी के संयोजक एसपी सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
अंत में डॉ. गौरहरि सिंहानिया क्रिकेट अकादमी के सीईओ दीपक शर्मा ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ का उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय की हार
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
