मान्यता प्राप्त पत्रकार की दमदार जीत, अमर उजाला को 6 विकेट से हराया

वरिष्ठ खेल पत्रकार संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट
लखनऊ। मैन ऑफ द मैच आसिफ खान (73) की उम्दा अर्धशतकीय पारी की बदौलत मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश ने वरिष्ठ खेल पत्रकार संतोष सूरी की स्मृति में आयोजित इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में जीत के साथ अभियान शुरू किया।
उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए उद्घाटन मुकाबले में मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश ने अमर उजाला को 6 विकेट से शिकस्त दी।
अमर उजाला ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 137 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 27 रन पर उसके दो विकेट गिर गए। इसके बाद अखिलेश वर्मा ने 20 रन व अमृत शर्मा ने 14 रन का योगदान किया। वहीं अनुराग बाजपेयी ने 25 गेंदों पर 4 चौके से 33 रन की पारी खेल टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश से अंकित भारती ने दो विकेट हासिल किए।
जवाब में मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश ने 14.4 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 141 रन बनाकर मैच जीत लिया। मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम 32 रन पर तीन विकेट गंवाकर मुश्किल में फंस गयी थी।
ऐसे समय में आसिफ खान ने मोर्चा संभालते हुए 41 गेंदों पर 8 चौके व 4 छक्के से से 73 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उनका साथ देते हुए अंकित भारती ने 18 गेंदों पर दो चौके से नाबाद 21 रन जोड़े। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 44 गेंदों पर 90 रन की साझेदारी करते हुए टीम की झोली में जीत डाल दी।
इससे पूर्व टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के खेल व युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव तथा विशिष्ट अतिथि सुहास एलवाई (सचिव खेल उत्तर प्रदेश) ने किया। आयोजन सचिव अनंत मिश्रा ने अतिथिगण का स्वागत किया जबकि उद्घाटन समारोह का संचालन डॉ. सुधा बाजपेयी ने किया।
इस अवसर पर अतिथिगण के तौर पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय, दूरदर्शन लखनऊ के उपमहानिदेशक केके गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार विजय त्रिपाठी, मनीष तिवारी, प्रवीण कुमार, सुनील द्विवेदी, उत्तर प्रदेश अंडरवाटर स्पोर्ट्स एवं फिन स्वीमिंग एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र सिंह चौहान, पेडलयात्री साइकिलिंग एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्द किशोर पाण्डेय, आरएसजी स्टेडियम, अलीगंज से हर्षवर्धन सिंह, वरिष्ठ खेल पत्रकार संजीव मिश्रा, सेंट जोसेफ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस से अनिल अग्रवाल, लखनऊ सुपर जायंट्स के मीडिया मैनेजर चंद्र प्रकाश गुप्ता, आर्यन चतुर्वेदी (नागोया एशियन गेम्स व पैरा एशियन गेम्स के वेन्यू व टेक्निकल मैनेजर), अखिल भारतीय स्वदेशी खेल परिषद के महासचिव एके सक्सेना, लखनऊ मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा भी मौजूद रहे।
20 नवंबर के मुकाबले
दैनिक जागरण बनाम हिंदुस्तान (सुबह 9 बजे)
टाइम्स ऑफ इंडिया बनाम मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश (दोपहर 12:30 बजे)
