महराजगंज में 705 गर्भवती महिलाएं गंभीर एनीमिया की शिकार, 45 हजार से ज्यादा में खून की कमी; विशेषज्ञों ने दी ये सलाह

सरिता त्रिपाठी
महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में गर्भवती महिलाओं की सेहत को लेकर एक चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है। शासन द्वारा संचालित कई पोषण और स्वास्थ्य योजनाओं के बावजूद, जिले में 705 गर्भवती महिलाएं गंभीर एनीमिया (खून की कमी) से जूझ रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कराई गई जांच में इन महिलाओं के शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर 7 ग्राम प्रति डेसीलीटर से भी कम पाया गया है, जो चिंता का विषय है।
45 हजार से अधिक महिलाओं में खून की कमी
जिले में अप्रैल से 11 नवंबर 2026 तक स्वास्थ्य विभाग में कुल 54,828 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण हुआ। इस दौरान कराई गई जांच में 45,495 गर्भवती महिलाओं का हीमोग्लोबिन स्तर 11 ग्राम प्रति डेसीलीटर से कम दर्ज किया गया है। इनमें 705 महिलाएं ऐसी हैं, जिनका हीमोग्लोबिन 7 ग्राम प्रति डेसीलीटर से भी नीचे है। आंकड़ों के मुताबिक, पंजीकृत महिलाओं में बड़ी संख्या खून की कमी से प्रभावित है, जबकि गंभीर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं की स्थिति अधिक चिंताजनक है।
मां और शिशु दोनों के लिए खतरा
गर्भावस्था के दौरान खून की कमी मां के साथ-साथ गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। इससे प्रसव के समय अत्यधिक रक्तस्राव, संक्रमण और अन्य जटिलताओं का जोखिम बढ़ जाता है। वहीं, नवजात का वजन कम होने और समय से पहले प्रसव की आशंका भी बनी रहती है।
सरकारी योजनाएं भी नहीं दिखा रहीं असर
शासन की ओर से गर्भवती महिलाओं के पोषण और बेहतर स्वास्थ्य के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां उपलब्ध कराना, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और पोषण संबंधी परामर्श शामिल हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के माध्यम से भी गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बावजूद, बड़ी संख्या में महिलाओं में खून की कमी सामने आना चिंता बढ़ा रहा है।
विशेषज्ञों ने दी ये अहम सलाह
जिला महिला अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योत्सना ओझा ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को अपने आहार में हरी पत्तेदार सब्जियां, दाल, चना, गुड़, मौसमी फल और आयरन युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। आयरन के अवशोषण के लिए विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थ भी फायदेमंद होते हैं। उन्होंने सलाह दी कि गर्भावस्था की शुरुआत से ही नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। हीमोग्लोबिन की जांच के आधार पर एनीमिया की स्थिति का पता लगाकर उपचार शुरू करना जरूरी है। सामान्य स्थिति में आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां दी जाती हैं, लेकिन गंभीर एनीमिया होने पर चिकित्सक की निगरानी में विशेष उपचार की आवश्यकता होती है।
केवल गोली खाना पर्याप्त नहीं
डॉ. ओझा ने स्पष्ट किया कि केवल आयरन की गोली देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि खून की कमी के वास्तविक कारण का पता लगाना भी जरूरी होता है। इसके लिए गहन जांच और उचित इलाज की आवश्यकता होती है।
