द इंडियन व्यू

भ्रष्टाचार के वित्तीय नेटवर्क को कैसे ध्वस्त करें? सीबीआई ने 16 देशों के अधिकारियों को दी ट्रेनिंग

Poonam Kumari
November 12, 2026
2 min read
भ्रष्टाचार के वित्तीय नेटवर्क को कैसे ध्वस्त करें? सीबीआई ने 16 देशों के अधिकारियों को दी ट्रेनिंग

विवेक ओझा

नई दिल्ली: भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्ति को छिपाने और उसे वैश्विक स्तर पर निवेश करने के बढ़ते खतरे के बीच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय कदम उठाया है। सीबीआई ने 16 देशों के 24 वरिष्ठ जांच अधिकारियों को भ्रष्टाचार के जटिल वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने की विशेष ट्रेनिंग दी है।

कहां और कब हुआ प्रशिक्षण?*

यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम गाजियाबाद स्थित सीबीआई अकादमी में 4 से 10 नवंबर, 2026 तक आयोजित किया गया। विदेश मंत्रालय के भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (ITEC) कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण का मकसद भ्रष्टाचारियों द्वारा छिपाए गए धन का पता लगाना और उनके अवैध साम्राज्य को ध्वस्त करना था।

क्या-क्या सिखाया गया?

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को भ्रष्टाचार के वित्तीय नेटवर्क को ट्रैक करने की अत्याधुनिक तकनीकें सिखाई गईं:

* क्रिप्टो करेंसी की ट्रैकिंग: डिजिटल करेंसी में किए गए निवेश और लेन-देन का पता लगाना।

* बेनामी संपत्तियां और मुखौटा कंपनियां: बेनामी संपत्तियों के पीछे छिपे असली मालिकों और फर्जी कंपनियों का पर्दाफाश करने की तकनीक।

* डिजिटल साक्ष्य और मनी ट्रेल: डिजिटल साक्ष्य जुटाना और धन के लेन-देन की कड़ियों (मनी ट्रेल) को जोड़कर अपराध से अर्जित संपत्ति की पहचान करना।

* कानूनी प्रावधान: अवैध संपत्तियों की जब्ती और मुकदमे में साक्ष्यों के प्रभावी इस्तेमाल के कानूनी तरीके।

खुफिया तकनीक का भी दौरा

प्रशिक्षण के दौरान इन विदेशी अधिकारियों ने सीबीआई मुख्यालय का भी दौरा किया, जहां उन्हें 'नेत्रा लैब' (Netra Lab) और 'ग्लोबल ऑपरेशंस सेंटर' (Global Operations Centre) की कार्यप्रणाली को करीब से देखा और समझा। इससे उन्हें भारत की साइबर और तकनीकी जांच क्षमताओं की जानकारी मिली।

क्यों है यह प्रशिक्षण अहम?

आजकल भ्रष्टाचारी पारंपरिक तरीकों के बजाय क्रिप्टो और विदेशी निवेश के जरिए पैसों को छिपाते हैं। ऐसे में यह प्रशिक्षण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच एजेंसियों के बीच सहयोग बढ़ाने और सीमा पार भ्रष्टाचार के मामलों को सुलझाने में मदद करेगा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें