भारत-इटली आर्थिक साझेदारी को मजबूती: पीयूष गोयल ने रोम में इतालवी कंपनियों के सीईओ से की बैठक, 2029 तक €20 अरब व्यापार लक्ष्य पर जोर

नई दिल्ली/रोम: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इटली के रोम की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान 17 नवंबर 2026 को इतालवी की प्रमुख कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEO) और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें कीं। इन बैठकों का उद्देश्य भारत-इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना और द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को नई ऊंचाई पर पहुंचाना था।
श्री गोयल ने वाल्टर टोस्टो एस.पी.ए. के प्रबंध निदेशक श्री लुका टोस्टो, नॉर्डइम्पियांटी सिस्टम एस.आर.एल. के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री जियान पिएरो गाग्लियार्डी, एटिटेक के अध्यक्ष श्री जियानी लेटिएरी, मागाल्डी ग्रीन एनर्जी की प्रबंध निदेशक सुश्री लेटिजिया मागाल्डी और ब्राको इमेजिंग एस.पी.ए. के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री फुल्वियो रेनोल्डी ब्राको के साथ बैठकें कीं। इन बैठकों में भारत में इतालवी निवेश बढ़ाने, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और भारतीय साझेदारों के साथ संयुक्त उद्यम स्थापित करने पर विशेष रूप से चर्चा हुई।
कंपनियों ने अपनी प्रौद्योगिकियां भारत लाने और विनिर्माण, विमान रखरखाव, थर्मल ऊर्जा भंडारण तथा औषधीय सामग्री जैसे क्षेत्रों में भारतीय उद्योगों के साथ सहयोग करने में रुचि व्यक्त की। श्री पीयूष गोयल ने कंपनियों द्वारा दिखाई गई रुचि का स्वागत किया और उन्हें भारत के बुनियादी ढांचे, विमानन तथा स्वास्थ्य सेवा सेक्टरों सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय उद्योगों के साथ साझेदारी करने के लिए प्रोत्साहित किया। भविष्य की कार्ययोजना के तहत उपयुक्त भारतीय संयुक्त उद्यम साझेदारों की पहचान करने, पायलट परियोजनाओं पर काम करने, लागत-तुलना संबंधी अध्ययन करने और भारतीय संस्थानों के साथ संयुक्त अध्ययन करने की आवश्यकता पर सहमति बनी।
ये बैठकें ऐसे समय में हुई हैं जब भारत और इटली अपनी विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ा रहे हैं और 2029 तक €20 अरब के वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार के लक्ष्य की दिशा में काम कर रहे हैं। यह यात्रा दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने और निवेश तथा प्रौद्योगिकी सहयोग के नए अवसरों को खोलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
