द इंडियन व्यू

बिहार-यूपी बॉर्डर विवाद: प्रशासन ने जब्त की 1156 बीघा जमीन, बलिया DM को सौंपे जाएंगे भूमि रिकॉर्ड

Poonam Kumari
November 10, 2026
2 min read
बिहार-यूपी बॉर्डर विवाद: प्रशासन ने जब्त की 1156 बीघा जमीन, बलिया DM को सौंपे जाएंगे भूमि रिकॉर्ड

सरिता त्रिपाठी

बड़हरा (आरा): बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच सीमा विवाद और सोहरा, त्रिभुआनी एवं पद्ममिनीया गांवों के बीच लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद के समाधान को लेकर बड़हरा अंचल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन ने विवादित 1156 बीघा जमीन को जब्त करने का निर्णय लिया है, ताकि विवाद सुलझने तक शांति व्यवस्था बनी रहे।

क्या है पूरा मामला?

बैठक में एसडीपीओ टू रंजीत कुमार सिंह, अंचलाधिकारी अंशु प्रसून तथा कृष्णगढ़ थानाध्यक्ष रौशन कुमार की उपस्थिति में तीनों गांवों के किसानों के साथ विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में त्रिवेदी आयोग की अनुशंसा पर बिहार से उत्तर प्रदेश को स्थानांतरित मौजा - मंदरौली कंस उर्फ त्रिभुआनी एवं मोहनपुर के किसानों के भूमि अभिलेख उत्तर प्रदेश के बलिया जिलाधिकारी को भेजने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया गया।

1156 बीघा जमीन जब्त

सोहरा, त्रिभुआनी और पद्मिनीया के बीच भूमि विवाद के समाधान तक शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सरकार की ओर से पूर्व नाम पद्ममिनीया एवं वर्तमान मौजा सोहरा की 1156 बीघा जमीन को समस्या का निराकरण होने तक जब्त रखने की सूचना किसानों को दी गई। इसके साथ ही सोहरा मौजा के दक्षिणी भाग को भी जब्त करने का दिशा-निर्देश दिया गया।

किन-किन की रही मौजूदगी?

बैठक में त्रिभुआनी गांव के किसान सह भारतीय किसान संघ भोजपुर के संयोजक दया शंकर सिंह, हरिमोहन सिंह एवं धर्मेंद्र सिंह, सोहरा गांव के पवन सिंह, सत्येंद्र सिंह, धनंजय सिंह एवं मनोज सिंह तथा पद्ममिनीया गांव के गेंदा यादव और दशरथ यादव सहित अन्य किसान शामिल हुए।

क्यों है यह विवाद?

बता दें कि बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच यह सीमा विवाद दशकों पुराना है। त्रिवेदी आयोग की सिफारिशों के आधार पर कुछ क्षेत्रों को एक राज्य से दूसरे राज्य में स्थानांतरित किया जाना है, लेकिन भूमि के स्वामित्व और अभिलेखों को लेकर किसानों के बीच लगातार विवाद बना हुआ है। प्रशासन का यह कदम विवाद को सुलझाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें