'दिमाग में आया कि ट्रंप को मार दो', व्हाइट हाउस के पास 3 बंदूकों के साथ वेनेजुएला का व्यक्ति गिरफ्तार

विवेक ओझा
वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा से जुड़ा एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने गुरुवार (5 नवंबर, 2026) रात को व्हाइट हाउस के बेहद करीब से एक वेनेजुएला के नागरिक को तीन हथियारों और दर्जनों कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अधिकारियों को बताया कि उसके दिमाग में आवाजें आ रही थीं, जो उसे राष्ट्रपति ट्रंप को मारने के लिए कह रही थीं।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) के मुताबिक, गुरुवार रात सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने व्हाइट हाउस के पास कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर एक खड़ी कार में एक व्यक्ति को संदिग्ध हालत में देखा। जब अधिकारियों ने उससे पूछताछ की, तो उसने हथियार होने की बात स्वीकार की।
DHS के अनुसार, जांच में पता चला कि कार चोरी की थी और उसमें से एक राइफल, दो हैंडगन और दर्जनों राउंड गोला-बारूद बरामद हुआ। आरोपी की पहचान रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस (26) के रूप में हुई है, जो वेनेजुएला का नागरिक है और मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल हुआ था।
आरोपी ने क्या कहा?
पूछताछ के दौरान क्रिनोस ने अधिकारियों को बताया कि उसे अपने दिमाग में आवाजें सुनाई दे रही थीं, जो उसे वाशिंगटन डीसी आने और रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या करने का निर्देश दे रही थीं।
क्या बरामद हुआ?
कार की तलाशी में तीन अत्याधुनिक हथियार बरामद हुए, जिनमें एक MAC-10 मशीन पिस्टल, एक ग्लॉक 43X पिस्टल और एक AR-15 राइफल शामिल है। इसके अलावा भारी मात्रा में गोला-बारूद भी मिला। आरोपी के खिलाफ हथियारों से जुड़े कई आरोपों के साथ-साथ बिना अनुमति के वाहन का इस्तेमाल करने और चोरी का सामान रखने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल वह US मार्शल्स सर्विस की हिरासत में है।
अधिकारियों की प्रतिक्रिया
अमेरिकी गृह सुरक्षा सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा, "हमारे बहादुर सीक्रेट सर्विस अधिकारियों की बदौलत, इस अवैध विदेशी को, जिसकी गाड़ी में तीन हथियार थे, किसी को नुकसान पहुंचाने से पहले व्हाइट हाउस के पास गिरफ्तार कर लिया गया।" सीक्रेट सर्विस के निदेशक शॉन करन ने कहा कि यह इस बात का ताजा उदाहरण है कि कैसे उनके कर्मी अपनी ट्रेनिंग और अनुभव का इस्तेमाल करके एक तनावपूर्ण स्थिति को शांत करते हैं।
गौरतलब है कि ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति पद संभालने के बाद से उनके और उनके परिवार के सदस्यों को धमकी देने वाले कई लोगों को सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां गिरफ्तार कर चुकी हैं।
