'थोड़ा सम्मान दिखाइए', 135 साल पुरानी सेंट्रल सेक्रेटेरिएट लाइब्रेरी को शिफ्ट करने पर SC की केंद्र को फटकार

विवेक ओझा
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार (16 नवंबर, 2026) को केंद्र सरकार को उस समय कड़ी फटकार लगाई, जब सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत दिल्ली की 135 साल पुरानी 'सेंट्रल सेक्रेटेरिएट लाइब्रेरी' (CSL) को स्थानांतरित करने को लेकर उचित व्यवस्था नहीं की गई। शीर्ष अदालत ने ऐतिहासिक पुस्तकालय के साथ हो रहे बर्ताव पर गहरी नाराजगी जताते हुए सरकार से कहा कि वह किताबों का भी सम्मान करे।
8.5 लाख किताबों के भविष्य पर चिंता
इस ऐतिहासिक लाइब्रेरी में 8.5 लाख से अधिक किताबें हैं, जिन्हें नई सेंट्रल विस्टा योजना के तहत कहीं और शिफ्ट किया जा रहा है। अदालत ने स्पष्ट रूप से कहा, "अगर आपको इन किताबों की जरूरत नहीं है, तो इन्हें किसी दूसरे देश को दे दीजिए, जो इनका ख्याल रख सके।" साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि अगली सुनवाई तक इन किताबों को कहीं और न शिफ्ट किया जाए।
अदालत ने क्यों लिया संज्ञान?
दिल्ली की 135 साल पुरानी 'सेंट्रल सेक्रेटेरिएट लाइब्रेरी' को दूसरी जगह शिफ्ट करने के प्रस्ताव पर सुप्रीम कोर्ट ने 4 अक्टूबर को स्वतः संज्ञान लिया था। यह कदम लाइब्रेरी में मौजूद 8.5 लाख से अधिक किताबों के भविष्य को लेकर जताई गई चिंताओं के बीच उठाया गया था।
कहां है अभी लाइब्रेरी?
यह लाइब्रेरी फिलहाल शास्त्री भवन में स्थित है, लेकिन सेंट्रल विस्टा परियोजना के चलते इसे स्थानांतरित किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट का यह रुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की संपत्तियों के संरक्षण को लेकर सरकार पर दबाव बनाने वाला है।
