तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं सपा-कांग्रेस: ब्रजेश पाठक उप मुख्यमंत्री का इंडी गठबंधन पर तीखा हमला

बुलंदशहर में आयोजित कार्यक्रम में बोले- प्रभु श्रीराम से माफी मांगने का भी एक तरीका होता है
बुलंदशहर/लखनऊ
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री
ब्रजेश पाठक ने बुधवार को बुलंदशहर के स्याना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने लंबे समय तक तुष्टिकरण की राजनीति के जरिए जनता को गुमराह करने का काम किया है। इन दलों की राजनीति का केंद्र जनकल्याण नहीं, बल्कि सत्ता और वोट की चिंता रही है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग कभी रोजा इफ्तार के आयोजनों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने को लेकर उत्साहित रहते थे, आज वही प्रभु श्रीराम के दर्शन करने की बात कर रहे हैं। प्रभु श्रीराम सबके हैं और तीनों लोकों के स्वामी हैं। वे करुणा और क्षमा के सागर हैं तथा सभी को क्षमा करते हैं, लेकिन प्रभु श्रीराम से क्षमा मांगने का भी एक तरीका होता है। केवल दिखावे से नहीं, बल्कि सच्चे भाव, श्रद्धा और आचरण से अपनी आस्था प्रकट करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा जनता को भ्रमित करने और वोटों के लिए राजनीति करने का काम किया है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की राजनीति भी इसी दिशा में आगे बढ़ती रही है।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। हमारा लक्ष्य विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का निर्माण करना है।
उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में गुंडे और माफिया के लिए कोई जगह नहीं है। समाजवादी पार्टी की सरकार के समय प्रदेश में अपराध और माफिया का बोलबाला था। उस दौर में एक जिला, एक माफिया जैसी स्थिति बन गई थी। भाजपा सरकार ने अपराधियों और माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने का काम किया है। कानून का राज स्थापित करना और आम नागरिक को भयमुक्त वातावरण देना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने बुलंदशहर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कोई साधारण जनपद नहीं है। भारत की सनातन संस्कृति, परंपराओं और धर्म की रक्षा के लिए इस क्षेत्र के लोगों ने सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यहां की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक चेतना हमारी गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में आज भारत की प्रतिष्ठा और सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। भारत माता का गौरवशाली ध्वज वैश्विक मंच पर शान से लहरा रहा है। देश आत्मनिर्भरता, सुशासन, सुरक्षा और विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का मूल आधार राष्ट्र प्रथम, जनसेवा और सबका साथ, सबका विकास है, जबकि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों पर उन्होंने जाति एवं धर्म के आधार पर समाज को बांटने तथा तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता अब विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हम सभी निरंतर कार्य कर रहे हैं।
