कमिंस का करिश्मा, छह विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका को समेटा, ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 218
कप्तान कैट कमिंस के छह विकेट से दक्षिण अफ्रीका को 138 रन पर ऑलआउट करने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दूसरे दिन यहां दूसरी पारी में आठ विकेट पर 144 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 218 रन तक पहुंचाई।…

कप्तान कैट कमिंस के छह विकेट से दक्षिण अफ्रीका को 138 रन पर ऑलआउट करने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दूसरे दिन यहां दूसरी पारी में आठ विकेट पर 144 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 218 रन तक पहुंचाई।

कमिंस (28 रन पर छह विकेट) की शानदार गेंदबाजी के सामने दक्षिण अफ्रीका 57.1 ओवर में 138 रन पर ढेर हो गई जिससे पहली पारी में 212 रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलिया को 74 रन की बढ़त मिली। मिचेल स्टार्क ने 41 रन देकर दो विकेट चटकाए। डेविड बेडिंघम 111 गेंद में छह चौकों की मदद से 45 रन बनाकर टीम के शीर्ष स्कोरर रहे।
कप्तान तेम्बा बावुमा ने 36 रन की पारी खेली। कमिंस की तूफानी गेंदबाजी के सामने दक्षिण अफ्रीका ने अपने अंतिम पांच विकेट 12 रन जोड़कर गंवाए।
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में लुंगी एनगिडी (35 रन पर तीन विकेट) और कागिसो रबाडा (44 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 73 रन पर सात विकेट गंवा दिया थे लेकिन एलेक्स कैरी (43 रन, 50 गेंद, पांच चौके) और स्टार्क (नाबाद 16) ने आठवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करके टीम की कुल बढ़त को 200 रन के पार पहुंचाया। दिन का खेल खत्म होने पर नाथन लियोन एक रन बनाकर स्टार्क का साथ निभा रहे थे।
ऑस्ट्रेलिया का आगाज खराब रहा। सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा (06) को रबाडा ने विकेटकीपर काइल वेरेने के हाथों कैच कराया जबकि कैमरन ग्रीन (00) ने इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर वियान मुल्डर को कैच थमाया।
टेस्ट टीम में अपनी जगह बचाने के लिए चुनौती पेश कर रहे मार्नस लाबुशेन (22) एक बार फिर नाकाम रहे और मार्को यानसेन की गेंद पर वेरेने को कैच दे बैठे। लाबुशेन इस मैच में पहली बार पारी का आगाज कर रहे थे। पहली पारी में अर्धशतक मारने वाले स्टीव स्मिथ (13) भी इसके बाद लुंगी एनगिडी की गेंद पर पगबाधा हो गए।
पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले एक अन्य बल्लेबाज ब्यू वेबस्टर (09) ने एनगिडी पर चौका जड़ा लेकिन अगली गेंद पर पगबाधा हो गए जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 64 रन हो गया। अगले ओवर में वियान मुल्डर ने ट्रेविस हेड (09) को बोल्ड किया जबकि एनगिडी ने कमिंस (06) के स्टंप उखाड़े।
कैरी और स्टार्क ने पारी को संभाला। स्टार्क ने यानसेन की गेंद पर एक रन के साथ 34वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया। स्टार्क 12 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब रबाडा की गेंद पर वेरेने ने उनका कैच टपका दिया। रबाडा ने कैरी को पगबाधा करके स्टार्क के साथ उनकी अर्धशतकीय साझेदारी को तोड़ा।
स्टार्क को दिन के अंतिम ओवर में एक और जीवनदान मिला जब यानसेन ने मुल्डर की गेंद पर उनका कैच छोड़ दिया। दक्षिण अफ्रीका ने आसमान के छाए बादलों के बीच सुबह के सत्र में 78 रन जोड़े और बावुमा (36) के रूप में एकमात्र विकेट गंवाकर वापसी की कोशिश की। दक्षिण अफ्रीका ने दिन की शुरुआत चार विकेट पर 43 रन से की।
बावुमा ने स्टार्क पर दो चौकों के साथ शुरुआत की जबकि बेडिंघम ने भी इस तेज गेंदबाज की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए। बावुमा ने स्टार्क और हेजलवुड पर चौका मारने के बाद कमिंस की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया लेकिन फिर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान की गेंद पर कवर्स में लाबुशेन को कैच दे बैठे।
बावुमा ने 84 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का मारा। बेडिंघम और वेरेने ने पारी को आगे बढ़ाया। वेरेने ने ब्यू वेबस्टर की गेंद पर एक रन के साथ 45वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया।
बेडिंघम ने लंच से पहले के अंतिम ओवर में वेबस्टर पर दो चौके मारे। लंच के दौरान बारिश के कारण दूसरे सत्र की शुरुआत में थोड़ा विलंब हुआ लेकिन मैच शुरू होने पर कमिंस पूरी तरह छाए रहे। कमिंस ने अपने दूसरे ओवर में वेरेने (13) और मार्को यानसेन (00) को आउट करके दक्षिण अफ्रीका को दोहरा झटका दिया।
कमिंस ने वेरेने के खिलाफ पगबाधा की विश्वसनीय अपील की लेकिन मैदानी अंपायर ने इस ठुकरा दिया। डीआरएस लेने पर हालांकि वेरेने को पवेलियन वापस लौटना पड़ा।
कमिंस ने दो गेंद बाद यानसेन को भी अपनी ही गेंद पर लपका। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने बेडिंघम को विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराके दक्षिण अफ्रीका को बड़ा झटका दिया और उसका स्कोर आठ विकेट पर 135 रन किया।
केशव महाराज (07) गैरजरूरी दूसरा रन लेने की कोशिश में रन आउट हुए जबकि कमिंस ने रबाडा (01) को वेबस्टर के हाथों कैच कराके दक्षिण अफ्रीका की पारी को समेटा और अपने करियर का 300वां टेस्ट विकेट हासिल किया।
सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से हराया
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ का उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय की हार
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
