द इंडियन व्यू

जनगणना में एक भी व्यक्ति छूटा तो विकास की योजना अधूरी, सटीक आंकड़ों से तय होगी जरूरत: योगी आदित्यनाथ

Poonam Kumari
November 18, 2026
3 min read
जनगणना में एक भी व्यक्ति छूटा तो विकास की योजना अधूरी, सटीक आंकड़ों से तय होगी जरूरत: योगी आदित्यनाथ

राघवेंद्र प्रताप सिंह

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार (16 नवंबर, 2026) को लोक भवन सभागार में जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत 'स्वगणना' और 'घर-घर गणना' अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की अगली दशक की तस्वीर अब जनगणना के आंकड़ों से तय होगी। किस क्षेत्र में स्कूल और अस्पताल की जरूरत है, कहां सड़क बननी चाहिए और किन वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पा रहा है, इसका खाका सटीक जनगणना से ही तैयार होगा।

'एक भी व्यक्ति नहीं छूटना चाहिए'

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गणना में कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि आंकड़ों में दर्ज न होने का खामियाजा कई बार लोगों को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहकर भुगतना पड़ता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विकास योजनाएं अनुमान के आधार पर नहीं, बल्कि वास्तविक जरूरतों के आकलन पर बननी चाहिए। जनगणना से मिलने वाले आंकड़े सरकार को यह समझने में मदद करेंगे कि किस इलाके में किस सुविधा की कमी है और किन वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की जरूरत है।

मुसहर समुदाय का दिया उदाहरण

सीएम योगी ने मुसहर समुदाय का उदाहरण देते हुए बताया कि पहले इस समाज के लोगों के पास न पक्के मकान थे और न राशन कार्ड। उन्होंने कहा कि यदि पिछली जनगणनाओं में उनकी वास्तविक स्थिति और अभावों को ठीक से दर्ज किया गया होता, तो उन्हें पहली पंचवर्षीय योजना से ही सरकारी सहायता मिल सकती थी। वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद ऐसे वंचित वर्गों के लिए अलग से योजनाएं बनाकर उन्हें लाभ पहुंचाने का काम किया गया।

40 बिंदुओं पर जुटाई जाएगी जानकारी

जनगणना-2027 की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल माध्यम से पूरी की जा रही है। पहले चरण में मकानों का सूचीकरण का काम पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से 40 सवालों के जवाब लेकर जनसंख्या से जुड़े आंकड़े जुटाए जाएंगे। निदेशक एवं मुख्य जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा ने बताया कि जनगणना में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को इसे महज सरकारी ड्यूटी न समझकर राष्ट्रीय जिम्मेदारी मानकर निभाना चाहिए। यदि कोई परिवार अपनी जानकारी देने में संकोच करता है तो उसे धैर्यपूर्वक समझाएं कि जनगणना में दी गई जानकारी गोपनीय रखी जाती है।

रोजाना होगी समीक्षा

जिलाधिकारी प्रतिदिन आधे घंटे प्रगति की समीक्षा करेंगे। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि वर्ष 2021 में कोरोना महामारी के कारण यह प्रक्रिया नहीं हो सकी थी। उन्होंने लोगों से सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। साथ ही कहा कि जनप्रतिनिधि लोगों को जागरूक करें और आम नागरिक सही जानकारी देकर सहयोग करें।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें