द इंडियन व्यू

चुनाव से पहले यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: रविवार देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले; विकास प्राधिकरण और राजस्व प्रशासन में बड़े बदलाव

Poonam Kumari
November 18, 2026
2 min read
चुनाव से पहले यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: रविवार देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले; विकास प्राधिकरण और राजस्व प्रशासन में बड़े बदलाव

सरिता त्रिपाठी

विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। चुनाव आयोग के निर्देश के बाद रविवार देर रात 55 पीसीएस (प्रांतीय सिविल सेवा) अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं। इससे पहले शनिवार रात और रविवार सुबह दो चरणों में 42 अधिकारियों का तबादला किया गया था, जिसके बाद अब कुल स्थानांतरित अधिकारियों की संख्या 97 हो गई है।

तबादला सूची में विकास प्राधिकरण, मंडलायुक्त कार्यालय, नगर निकाय और राजस्व प्रशासन समेत कई अहम विभागों में तैनात अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। चुनाव आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो अधिकारी एक ही जिले में तीन साल से अधिक समय से तैनात हैं, उन्हें हटाया जाए। इसी के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

प्रमुख तबादलों में पीसीएस अधिकारी अमरपाल सिंह को अपर आयुक्त सहारनपुर, विवेक कुमार मिश्रा को सचिव वाराणसी विकास प्राधिकरण, सुशील प्रताप सिंह को सचिव गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और अतुल कुमार को सचिव लखनऊ विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा को एडीएम हापुड़, बृजेश कुमार सिंह को ओएसडी नोएडा, पंकज कुमार को अपर आयुक्त चित्रकूट धाम, आलोक कुमार वर्मा को सचिव अयोध्या विकास प्राधिकरण और विनय कुमार सिंह-2 को सचिव मेरठ विकास प्राधिकरण नियुक्त किया गया है।

अन्य महत्वपूर्ण तैनातियों में क्रांति शेखर सिंह को विशेष कार्याधिकारी दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र (नोएडा), ज्ञान चंद्र गुप्ता को संयुक्त सीईओ अयोध्या तीर्थ विकास परिषद और जयजीत कौर होरा को कुलसचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय तथा अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय की जिम्मेदारी दी गई है।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, चुनाव से पहले इतने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य प्रशासनिक तंत्र को चुस्त-दुरुस्त करना और चुनावी ड्यूटी के लिए अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। सरकार का कहना है कि सभी तबादले पारदर्शी तरीके से और चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के अनुपालन में किए गए हैं। नए तैनाती वाले अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने नए कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें