गोमती उत्सव का भव्य समापन: CM योगी बोले—गोमती लखनऊ की आत्मा, निर्मलता और अविरलता के संकल्प से ही शुरू हो उत्सव; सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार का आह्वान

राघवेंद्र प्रताप सिंह
तीन दिवसीय ‘गोमती उत्सव-2026’ का रविवार को गोमतीनगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोमती नदी को लखनऊ की ‘आत्मा’ और ‘आदि गंगा’ बताया और कहा कि इस उत्सव की शुरुआत नदी की शुद्धता, अविरलता और निर्मलता के संकल्प के साथ होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया की सभी महान सभ्यताएं नदियों के किनारे ही विकसित हुई हैं और भारत के प्रमुख तीर्थ भी नदी तटों पर ही स्थित हैं।
सीएम योगी ने गोमती नदी के संरक्षण पर विस्तार से बात करते हुए कहा कि लखनऊ पहुंचने से पहले तक गोमती की धारा अविरल और निर्मल रहती है, लेकिन शहर में प्रवेश करते ही इसका स्वरूप बिगड़ने लगता है। उन्होंने बताया कि नदी में गिरने वाले नालों और सीवर को रोकने के लिए राज्य सरकार ने एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का निर्माण कराया है और आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। उन्होंने उत्सव समिति से अपील की कि वह गोमती की सफाई और संरक्षण को एक जन आंदोलन का रूप देने में सहयोग करे।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तात्कालिक सुविधा के लिए प्लास्टिक का इस्तेमाल नदियों और प्रकृति को प्रदूषित करने के साथ-साथ भविष्य को भी खतरे में डाल रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्लास्टिक के बजाय कपड़े के थैलों और अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाएं।
सीएम योगी ने इस अवसर पर सामाजिक सरोकारों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज एक ही छत के नीचे रहने वाले परिवार के सदस्य भी स्मार्टफोन में व्यस्त रहते हैं, जिससे आपसी संवाद कम हो रहा है। ऐसे में उत्सव लोगों को घरों से बाहर निकालकर परिवार और समाज से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि गोमती उत्सव जैसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत करते हैं। समारोह में बड़ी संख्या में पर्यावरणविद्, सामाजिक कार्यकर्ता, कलाकार और आम नागरिक मौजूद रहे।
